दो अलग-अलग जगहों पर हुई मारपीट में पुलिस ने 22 लोगों पर मुकदमा दर्ज किया है। घायलों का पुलिस ने मेडिकल परीक्षण करवाया।
कुंडा कोतवाली के ढिकुही गांव निवासी प्रेमचंद्र सरोज के खेत में गांव के कुछ लोगों के जानवर चले गए थे। इसका उलाहना देने पर गांव के दर्जनों लोगों ने उसके घर पर हमला बोल दिया। उसकी पत्नी की जमकर पिटाई कर दी। बीचबचाव के लिए वह उसके पास पहुंचा तो उससे भी मारपीट की गई।
आरोपियों ने घर में घुसकर तोड़फोड़ भी की। पुलिस ने प्रेमचंद की तहरीर पर 13 लोगों पर बलवा, घर में घुसकर मारपीट, गाली गलौज व एससीएसटी एक्ट का मुकदमा दर्ज कर लिया है। उधर, कोतवाली क्षेत्र के कुंडा कस्बा कृपालु महिला महाविद्यालय के पास एक व्यक्ति की पिटाई कर दी गई। महेशगंज थाना क्षेत्र के मसवन गांव का हरिशंकर मिश्र ने पुलिस को तहरीर देकर मुकदमा दर्ज कराया है।
हरिशंकर के मुताबिक उसने कुंडा के सुभाष नगर में भी मकान बना रखा है। वह अपने बेटे अंकित मिश्र के साथ किसी काम से जा रहा था। इस दौरान उसके पड़ोसियों ने उस पर हमला कर दिया। उसकी जमकर पिटाई करने के साथ ही उसके बेटेे से भी मारपीट की गई। आरोपियों ने उसकी बाइक भी तोड़ दी। गंभीर हालत में उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने उसके भतीजे अजय मिश्र की तहरीर पर चार नामजद और पांच अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है।