स्थानीय बाबा धाम में आयोजित 20वें राष्ट्रीय एकता महोत्सव में मंगलवार को मालिनी अवस्थी व मुंबई के प्रिंस ग्रुप के कलाकारों ने समा बांध दिया। कार्यक्रम में कई अन्य नामचीन कलाकारों ने भी अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया। इन्हें सुनने बाबा धाम में रात भर हजाराें दर्शकों की भीड़ जुटी रही। एकता महोत्सव की शुरुआत स्थानीय कलाकार मंचल प्रतापगढ़ी, अमर बेदर्दी, प्यारेमोहन, मनोज जूनियर, पंकज मिश्रा, भीम सिंह, दीपक मिश्रा व चंचल शुक्ला के कार्यक्रमों से हुई। मगर महोत्सव में प्रख्यात अवधी व भोजपुरी गायिका मालिनी अवस्थी पहुंचीं तो लोग खुशी से झूम उठे। मंच पर पहुंचते ही मालिनी ने डम-डम डमरू बजावेला हमार जोगिया, सुनाया तो हजाराें की भीड़ ने हर हर महादेव के जयकारे लगाकर उनका हौसला बढ़ाया।
मालिनी ने होली खेलइं बरसाने मा, रेलिया बैरन पिया का लिए जाए रे, माई के भावल चुनरिया, होली खेला तू झट से आदि अवधी गीत प्रस्तुत किए तो लोग तालियां पीटने लगे। इसके बाद मुंबई से आए इंडिया गाट टैलेंट के विजेता प्रिंस ग्रुप के कलाकारों ने रंगारंग कार्यक्रम प्रस्तुत कर लोगों का मन मोह लिया। वाराणसी की शैल बाला व कृष्णा म्यूजिकल ग्रुप लखनऊ के कार्यक्रमों ने समा बांध दिया। हास्य कलाकार अनिल गौहर ने लोगों को खूब हंसाया। महोत्सव में आयोजित होने वाले विविध कार्यक्रमों के बीच में जैसे ही अनिल गौहर माइक पकड़ते वैसे ही लोग ठहाका लगाने लगते। उन्होंने भ्रष्टाचार, नेताओं व अधिकारियों के साथ कारोबारियों पर हास्य व्यंग्य प्रस्तुत किया। लखनऊ की प्रसिद्ध एंकर अनीता सहगल वसुंधरा ने संचालन करते हुए श्रोताओं को प्रभावित किया।