कटरामेदनीगंज स्थित जैन मंदिर में महावीर स्वामी की जयंती पर मस्तकाभिषेक करते जैन समाज के लोग।
- फोटो : प्रतापगढ़
कटरामेदनीगंज स्थित दिगंबर जैन मंदिर में बुधवार को भगवान महावीर की जयंती धूमधाम से मनाई गई। 108 कलशों से भगवान महावीर का महामस्तकाभिषेक हुआ। मंगलमंत्रों व जयकारों से पूरा वातावरण गूंजायमान हो उठा। गाजे-बाजे के बीच शोभायात्रा निकली तो हर क ोई भक्तिभावना से लबरेज दिखा।
बुधवार को सुबह 7 बजे ही भगवान महावीर का पंचामृत अभिषेक हुआ। इस दौरान जैन श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ी रही। मंगलमंत्रों व जयकारे की गूंज से पूरा वातावरण गूंजायमान हो रहा था। सुबह 10 बजे भगवान महावीर का मंगल पूजन हुआ। इसके बाद शांतिधारा अभिषेक। दोपहर तीन बजे गाजे- बाजे के बीच भगवान महावीर की भव्य शोभायात्रा निकाली गई।
जैन श्रद्धालुओं ने शोभायात्रा संग भ्रमण किया। कटरा बाजार से शोभायात्रा कटरा चौराहे पर स्थित पांडुक शिला तक गई। इसके बाद 108 कलशों से भगवान महावीर का महामस्तकाभिषेक हुआ। देर शाम 108 दीपों से भगवान की महाआरती की गई।
जैन समाज के अध्यक्ष ऋषभ चंद्र जैन, महामंत्री प्रदीप जैन, श्री भारतवर्षीय दिगंबर जैन महासभा के क्षेत्रीय अध्यक्ष ध्रुव कुमार जैन ने जैन धर्म के महात्म्य पर प्रकाश डाला। इस अवसर पर मेवालाल जैन, मिश्रीलाल जैन, अजीत कुमार, संजय जैन, प्रकाश चंद्र जैन, रतनचंद्र जैन, अंकित जैन, संजीव जैन, सन्नी जैन, राजीव आदि मौजूद रहे।