पचास हजार के इनामी बदमाश तौकीर व अतीक की लोकेशन आजमगढ़ में मिली है। पुलिस की पूछताछ में कुछ करीबियों के बारे में जानकारी हुई है। जिनके परिवार के लोगों को पुलिस उठा लाई है। एसटीएफ भी उठाए गए लोगों से पूछताछ कर रही है। उधर, छत्ता का पुरवा में फरार अतीक के घर पर पुलिस ने जमकर तांडव मचाया। पुलिस की फायरिंग के दौरान एक युवक के पैर को गोली छूकर निकल गई थी।
मार्बल व्यापारी से रंगदारी मांगने व कुछ दिनों पहले लूटपाट के दौरान अशोक शर्मा की हत्या के साथ ही गायघाट पुल पर युवक को गोली मारने के मामले में पुलिस को पचास हजार के इनामी तौकीर निवासी भुलियापुर और छत्ता का पुरवा निवासी अतीक की तलाश है। पुलिस ने सोमवार की रात तौकीर व अतीक के करीबियों पर शिकंजा कसा। सूत्रों की मानें तो छत्ता का पुरवा में पुलिस ने रात भर तांडव मचाया। अतीक के घर तोड़फोड़ की।
तौकीर का करीबी अंसार भागते समय पुलिस की गोली से घायल हो गया था। उसके पैर को छूकर बुलेट निकल गई थी। पुलिस के तांडव से महिलाएं व बच्चों ने अपना ठिकाना बदल दिया है। पुलिस सूत्रों की मानें तो तौकीर के पिता, बहनोई व अंसार के अलावा अतीक के भाई व चचेरे भाई से पूछताछ की जा रही है। मंगलवार को एसटीएफ की टीम घायल अंसार से पूछताछ करते हुए फरार तौकीर और अतीक के बारे में जानकारी जुटाती रही।
पूछताछ में यह पता चला कि घटना को अंजाम देने के बाद दोनों आजमगढ़ भाग गए हैं। जिन्हें पकड़ने के लिए स्वॉट टीम के साथ ही एसटीएफ वाराणसी को भी लगाया गया है। कोतवाली के बाहर हिरासत में लिए गए लोगों के परिजन डेरा डाले हुए हैं।
मेल खा रहा जूता
सदर बाजार निवासी अंजनी ऊमरवैश्य की दुकान पर लूटपाट करने वाले एक बदमाश ने जो जूता पहनकर काउंटर पार किया था, वैसा ही जूता मार्बल कारोबारी के दुकान पर फायरिंग करने वाले बदमाश ने भी पहन रखा है। जिसका मिलान करने के बाद पुलिस इस नतीजे पर पहुंची है कि दोनों घटनाओं में एक ही गिरोह शामिल है।