पीएम मोदी की अपील पर जिले के 9145 ग्राहकों ने गैस सब्सिडी छोड़ दी है। ये लोग अब बाजार रेट से गैस सिलेंडर ले रहे हैं। प्रधानमंत्री की अपील पर बेल्हा के लोगों ने जो दरियादिली दिखाई है, इसके लिए उन्हें मोदी का हस्ताक्षरयुक्त धन्यवाद पत्र डाक से भेजे जा रहे हैं।
जिले में कुल 3,78,892 गैस कनेक्शनधारक हैं। इनमें से 9145 ग्राहकों ने गैस सब्सिडी को छोड़ दिया है। अब यह ग्राहक बाजार भाव की दर से गैस सिलेंडर प्राप्त कर रहे है। ग्राहकों ने सब्सिडी त्यागने का फैसला प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अपील पर किया है। प्रधानमंत्री ने देश के नाम संदेश में सक्षम उपभोक्ताओं से सब्सिडी छोड़ने की अपील की थी। आनलाइन बुकिंग में भी राष्ट्र के विकास के लिए सक्षम ग्राहकों से गैस सब्सिडी त्यागने की अपील की जा रही थी। गैस सब्सिडी त्यागने वाले ग्राहकों का प्रधानमंत्री ने धन्यवाद ज्ञापित करने का फैसला लिया है।
इसलिए प्रधानमंत्री के हस्ताक्षरित धन्यवाद पत्र ग्राहकों के घर भेजे जा रहे हैं। साथ ही पत्र में पीएम ने विनम्रतापूर्वक राष्ट्र के विकास में सहयोग करने पर धन्यवाद देते हुए दान की राशि प्रधानमंत्री राहत कोष में देने का आह्वान किया है। इंडियन ऑयल के एरिया मैनेजर रोहित गुप्ता ने बताया कि इलाहाबाद जिले में पीएम का धन्यवाद पत्र आना प्रारंभ हो गया है। दिवाली के बाद बेल्हा के ग्राहकों के पास आना प्रारंभ हो जाएगा।