उदयपुर के राहाटीकर भंवरी में गेल पाइप लाइन में लीकेज की सूचना पर पहुंची पुलिस व अधिकारी।
- फोटो : PRATAPGARH
उदयपुर इलाके में गेेल इंडिया लिमिटेड के सबस्टेशन की पाइपलाइन में गैस का रिसाव होने से अफरातफरी मच गई। दस घंटे तक ग्रामीणों की सांस अटकी रही। जानमाल का खतरा देख सबस्टेशन के आसपास दो सौ मीटर एरिया खाली करा लिया गया।
सूचना पर फायर ब्रिगेड की तीन गाड़ियों के साथ पुलिस मौके पर पहुंच गई। दोपहर बाद कंपनी के इंजीनियरों ने पाइपलाइन के वॉल्व में आई खराबी को दूर कर रिसाव पर काबू पाया।
गेल इंडिया लिमिटेड की ओर से गैस की सप्लाई के लिए औरैया से फूलपुर तक पाइप लाइन बिछाई गई है। इसकी देखरेख के लिए उदयपुर इलाके के राहाटीकर भंवरी में गेल का सब स्टेशन बनाया गया है। शुक्रवार की रात 12 बजे के लगभग सबस्टेशन के अंदर पाइपलाइन के वॉल्व से गैस रिसाव होने लगा।
सुबह होने के बाद पाइपलाइन से गैस का रिसाव इतना तेज हो गया कि आवाज सुनकर आसपास के लोगों में अफरातफरी मच गई। सबस्टेशन के कर्मचारियों ने इसकी सूचना स्थानीय पुलिस के साथ गेल के अधिकारियों को दी। मौके पर पहुंची उदयपुर पुलिस ने फायर ब्रिगेड की तीन गाड़ियों को मौके पर बुला लिया। खतरे को देखते हुए गेल इंडिया के सब स्टेशन के चारों ओर दो सौ मीटर का एरिया खाली करा लिया गया।
गैस रिसाव से निकलने वाली तेज आवाज से लोग सहमे रहे। सूचना पर दोपहर बाद गेल इंडिया के मुख्य क्षेत्रीय प्रबंधक आरके पाल के साथ मेंटिनेंस यूनिट के कर्मचारी मौके पहुंचे और घंटेभर की मशक्कत के बाद पाइपलाइन का वॉल्व बदलकर गैस रिसाव पर काबू पाया।
इस दौरान गेल की रायबरेली यूनिट से गैस की सप्लाई बंद करा दी गई थी। समस्या दूर होने पर फिर गैस की सप्लाई शुरू हो सकी। सब स्टेशन की पाइपलाइन में गैस के तेज रिसाव के चलते लगभग दस घंटे तक ग्रामीणों में अफरातफरी मची रही। इस बारे में क्षेत्रीय मुख्य प्रबंधक आरके पाल ने बताया कि पाइपलाइन का वॉल्व खराब होने से गैस का रिसाव होने लगा था। इसको ठीक करा दिया गया है।
उदयपुर के राहाटीकर भंवरी में गेल पाइप लाइन में लीकेज की सूचना पर पहुंचे दमकलकर्मी।- फोटो : PRATAPGARH