जिले के चार गांवों में 374 एकड़ भूमि पर टाउनशिप विकास का प्रस्ताव तैयार किया गया है। जमीन अधिग्रहण के संबंध में 700 भूस्वामियों ने आपत्तियां दर्ज कराई हैं। उन आपत्तियों का निस्तारण नियोजन समिति करेगी। वहीं, सर्किल रेट पर ही भूस्वामियों को जमीन का मुआवजा दिया जाएगा।
सदर तहसील क्षेत्र के टेऊंगा, बड़नपुर, भुपियामऊ और जहनईपुर में टाउनशिप का विस्तार किया जाना है। तीन पहले नोटिस जारी करने के बाद बृहस्पतिवार को 11 सदस्यीय नियोजन समिति प्रतापगढ़ पहुंचकर भूस्वामियों की आपत्तियों को सुना। कुल 700 भूस्वामियों ने आपत्तियां दर्ज कराई हैं। आपत्तियों के निस्तारण का कार्य शुरु कर दिया गया है।
टेऊंगा के अनुभव श्रीवास्तव ने बताया कि वह अपने मकान को ध्वस्त नहीं कराना चाहते हैं। कोई मुआवजा भी नहीं चाहते हैं। घर बनाने के लिए महंगी जमीन खरीदी थी। जहनईपुर के राकेश शर्मा ने बताया कि उनकी जमीन का कितना मुआवजा मिलेगा। इसको लेकर वह परेशान हैं। उनके आवास की क्या कीमत लगाई जा रही है। इसकी जानकारी नियोजन समिति ने नहीं दी।
टेऊंगा के जगदीश प्रसाद ने बताया कि 2024 में टेऊंगा ग्रामसभा में अर्ध शहरी सर्किल रेट से जमीन का बैनामा कराया था। जमीन अधिग्रहीत होने पर अर्द्ध सरकारी रेट पर ही मुआवजा मिलने का डर लग रहा है।
मुख्य अभियंता आवास विकास डीबी सिंह ने बताया कि टाउनशिप ग्राम पंचायत की जमीन पर बन रही है। ग्राम पंचायत की सर्किल रेट के अनुसार मुआवजा भूस्वामियों को दिया जाएगा। संतुष्ट होने पर भूस्वामी जमीन संबंधी सहमति पत्र दे सकते हैं। जमीन लेकर टाउनशिप में विकसित प्लाॅट भी दिया जाएगा। अगले सप्ताह मुआवजा राशि की जानकारी भूस्वामियों को दी जाएगी।