कंधई थाना क्षेत्र के सोनाही में शनिवार की शाम जमीन का विवाद सुलझाने पहुंचे दरोगा और सिपाही पर विरोधी पक्ष ने हमला कर दिया। वीडियो बना रहे सिपाही का मोबाइल भी तोड़ दिया। दरोगा की शिकायत पर पुलिस ने मां-बेटे समेत पांच के खिलाफ केस दर्ज कर लिया।
सोनाही लक्ष्मणपुर निवासी नमिता सिंह ने जमीन के विवाद की पुलिस से शिकायत की थी। मामले की जांच के लिए दीवानगंज पुलिस चौकी पर तैनात दरोगा राजेश कुमार और सिपाही हरीश कुमार मौके पर पहुंचे। दरोगा राजेश कुमार के अनुसार जांच के दौरान गांव के ही शुभम सिंह अपनी मां रीता देवी व तीन अज्ञात लोगों के साथ पहुंचे।
छानबीन करने का विरोध करते हुए मौके से जाने के लिए दबाव बनाने लगे। सरकारी कार्य में बाधा डाल रहे लोगों का सिपाही हरीश ने वीडियो बनाया। इस बीच शुभम समेत अन्य लोग सिपाही से मोबाइल छीनने लगे। छीनाझपटी में आरोपियों ने मोबाइल तोड़कर हाथापाई पर उतर आए। बीच-बचाव करने पहुंचे दरोगा से भी हमलावर भिड़ गए।
इस बीच लाठी डंडे से भी उन पर हमला कर दिया। मारपीट में दरोगा व सिपाही चुटहिल हो गए। आसपास के लोगों के बीच बीच बचाव के बाद मामला शांत हो सका। घायल पुलिसकर्मियों को उपचार के लिए बेलखरनाथ सीएचसी लाया गया। दरोगा राजेश की तहरीर पर पुलिस ने शुभम सिंह उसकी मां रीता देवी व तीन अज्ञात के खिलाफ सरकारी कार्य में बाधा, जानलेवा हमला करने समेत अन्य धाराओं में केस दर्ज किया है।
थानाध्यक्ष अवन कुमार दीक्षित ने बताया कि जमीन का विवाद सुलझाने दरोगा व सिपाही मौके पर गए थे। कुछ लोगों ने पुलिस टीम के साथ मारपीट की। मुकदमा दर्ज कर आरोपियों की तलाश में दबिश दी जा रही है।
पुलिस के इकबाल को लगातार दे रहे चुनौती
दिसंबर से लेकर चार जनवरी के बीच पुलिस पर हमले के तीन मामले सामने आ चुके हैं। हमलावर लगातार पुलिस के इकबाल को चुनौती दे रहे हैं। भंगवा चुंगी चौराहे पर चेकिंग के दौरान यातायात दरोगा अली अकबर पर बाइक सवार लोगों ने हमला किया। वहीं भंगवा चुंगी पुलिस चौकी के पुलिसकर्मियों को जोगापुर कॉलोनी से बुलेट पकड़ने पर कुछ लोगों ने पुलिस चौकी में जाकर धमकाया। चौकी प्रभारी ने नामजद मुकदमा दर्ज कराया। अभी तक पुलिस आरोपियों के खिलाफ कोई कठोर कदम नहीं उठा सकी, केवल शस्त्र लाइसेंस निरस्त करने की प्रक्रिया ही प्रारंभ की है। शनिवार को सोनाही में दरोगा व सिपाही पर लाठी डंडे से ग्रामीणों की मौजूदगी में हमला किया गया।