नगर कोतवाली के चौक में मेडिकल स्टोर का चोरों द्वारा तोड़ा गया शटर।
- फोटो : PRATAPGARH
शहर के मकंद्रूगंज पुलिस चौकी से चंद कदम दूर मेडिकल स्टोर का शटर तोड़कर भीतर घुसे चोर काउंटर में रखे पौने चार लाख रुपये समेटकर भाग निकले। सूचना मिलने के बाद पहुंची पुलिस छानबीन के बाद लौट गई। पुलिस सीसीटीवी कैमरे के जरिए चोरों की शिनाख्त करने में लगी है।
शहर के चौक घंटाघर निवासी रमेश केसरवानी ने घर के बाहरी हिस्से में मेडिकल स्टोर खोल रखा है। मंगलवार की रात दुकान बंद कर वह ऊपर सोने चला गया।
रात में चोर दुकान का शटर तोड़कर भीतर घुस गए। चोरों ने काउंटर में रखे पौने चार लाख रुपये समेट लिए। रमेश को भनक तक नहीं लगी। बुधवार की सुबह रमेश सोकर उठा तो दंग रह गया।
काउंटर टूटा पड़ा था और रुपये गायब थे। चोरों ने मेडिकल स्टोर के सामान को हाथ नहीं लगाया था। इस बीच वहां व्यापारियों का जमघट लगा रहा। सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस छानबीन करने लगी।
कुछ देर में पुलिस लाइन से फोरेंसिक टीम ने मौके पर पहुुंचकर वीडियोग्राफी व फोटोग्राफी की। चौकी प्रभारी मकंद्रूगंज विवेक पांडेय ने बताया कि तहरीर मिली है। चोरों तक पहुंचने के लिए सीसीटीवी खंगाला जा रहा है। घटना की छानबीन की जा रही है।
नगर कोतवाली के चौक में रात मेडिकल स्टोर के समीप सीसीटीवी कैमरे में आयी संदिग्धों की तस्वीर।- फोटो : PRATAPGARH