कस्बे की नगर पंचायत के वार्डों में दवा का छिड़काव नहीं होने से मच्छरों का प्रकोप बढ़ गया है। जगह- जगह जलभराव से मच्छरों की तादाद बढ़ती जा रही है। जिससे डेंगू और मलेरिया के खतरे के आसार बने हुए हैं।
नगर पंचायत रानीगंज के 16 वार्डों में इन दिनों हुई बरसात से पानी जगह-जगह जमा हुआ है। शाम से ही मच्छरों का आतंक बढ़ जाता है। आलम यह है कि खुले में खड़े होना मुश्किल हो जाता है, वहीं रात में लोगों की नींद में खलल डाल रहे हैं। सराय सुलतानी, पचरास, पूरेगोलिया, रस्तीपुर, दरियापुर, आशीपुर, बीठलपुर वार्ड में जल निकासी न होने से पानी भरा हुआ है।
संडिला वार्ड के पवन मिश्रा, बरहदा वार्ड के पप्पू मिश्र, रस्तीपुर के जावेद अहमद, बीठलपुर के सुनील, पूरेगोलिया के पिंटू ने मच्छरों के प्रकोप से बचने के लिए दवा के छिड़काव करने की मांग की। अधिशाषी अधिकारी महेंद्र कुमार सिंह ने बताया कि रोस्टर के हिसाब से दवा छिड़काव किया जा रहा है।