बेल्हावासियों को कश्मीरी ड्राईफ्रूट पसंद आ गया है। शहर के रामलीला मैदान में चल रहे अमर उजाला शापिंग फेस्टिवल में एक मिनट में फलों का जूस निकालने वाली मशीन की भी लोग खूब खरीदारी कर रहे हैं। बुधवार की शाम खरीदारी करने के लिए भारी संख्या में शहरी उमड़े। सुबह से रात दस बजे तक लोग मेले में जरूरत के सामानों की खरीदारी करते रहे।
रामलीला मैदान में एक फरवरी से अमर उजाला शापिंग फेस्टिवल का औपचारिक शुभारंभ डीएम शंभु कुमार ने किया था। शापिंग फेस्टिवल में घर की जरूरत से जुड़ीं सारी चीजें मौजूद हैं। इसके अलावा महिलाओं के लिए जम्मू-काश्मीर से आई दुकानों पर सजे ड्राईफ्रूट की खरीदारी खूब हो रही है। पुरुषों के लिए स्वटेर, जैकेट, सदरी से दुकानें सजी हुई हैं, वहीं एक फलों का जूस निकालने की मशीन लोग पसंद कर रहे हैं।
आसाम की खास लकड़ी के बने सोफासेट, बेड, डाइनिंग टेबल और कुर्सियां भी लोगों के आकर्षण का केंद्र बनी हैं। शापिंग फेस्टिवल में और भी आपके लिए बहुत कुछ है। तो फिर आप भी यह मौका न छोड़िए। कई ऐसी भी चीजें मेले में हैं जो आपको शहर में और कहीं भी खोजे नहीं मिलेंगी। बुधवार को पंजाब, हरियाणा, कश्मीर, दिल्ली, लुधियाना के साथ ही कानपुर और लखनऊ से आईं दुकानों पर खरीदारी करने वालों की भारी भीड़ रही।
बच्चे चटपटे और कुरकुरे व्यंजनों का स्वाद लेते रहे, तो महिलाएं भी श्रृंगार के सामान खरीदने में व्यस्त रहीं। दूर-दूर से आईं दुकानों पर देर शाम तक खरीदारों का मजमा लगा रहा। दूधिया रोशनी में नहाए मेला परिसर की भव्यता ऊनी कपड़ों, जूते, मोजे, गारमेंट्स और श्रृंगार की दुकानें बढ़ा रही हैं। रामलीला मैदान में मेले की यह धूम दस फरवरी तक रहेगी।