जिला सहकारी समिति संघ के निर्विरोध अध्यक्ष चुने जाने पर प्रदीप कुमार सिंह बाले का स्वागत करते कै?
- फोटो : PRATAPGARH
प्रतापगढ़। जिला सहकारी बैंक लिमिटेड की प्रबंध कमेटी के अध्यक्ष पद पर कैबिनेट मंत्री राजेंद्र प्रताप सिंह मोती सिंह के भतीजे प्रदीप कुमार उर्फ बाले सिंह को निर्विरोध चुन लिया गया है। कैबिनेट मंत्री की मौजूदगी में हुए नामांकन में बड़ी संख्या में समर्थकों का जमावड़ा रहा। ऐसा पहली बार हुआ है जब जिला सहकारी बैंक में भाजपा का कब्जा हुआ है। दोपहर में परिणाम की घोषणा होते ही जय श्रीराम के नारे से बैंक परिसर गूंज उठा।
मंगलवार को जिला सहकारी बैंक लिमिटेड की प्रबंध कमेटी के चेयरमैन पद के लिए पहले से ही स्थिति स्पष्ट होने के बाद भी कैबिनेट मंत्री राजेंद्र प्रताप सिंह मोती सिंह पूरी तरह सक्रिय दिखे। दोपहर 11.30 से 12.30 तक नामांकन का समय निश्चित किया गया था। कैबिनेट मंत्री नामांकन से परिणाम की घोषणा होने तक बैंक परिसर में जमे रहे। प्रदीप कुमार उर्फ बाले सिंह के प्रस्तावक पट्टी ब्लाक प्रमुख राकेश कुमार सिंह और अनुमोदक के रूप में कैबिनेट मंत्री के बेटे राजीव कुमार सिंह थे। उपाध्यक्ष पद पर अशोक कुमार का निर्वाचन निर्विरोध रहा। अशोक कुमार के प्रस्तावक के रूप में राजेश कुमार और अनुमोदक के रूप में प्रदीप सिंह रहे। नामांकन का समय समाप्त होते ही चुनाव अधिकारी ने प्रदीप कुमार सिंह के चेयरमैन चुने जाने की घोषणा की। फिर क्या था, मौजूद समर्थकों ने चेयरमैन को माला पहनाकर स्वागत किया। इस मौके पर पूर्व नपा अध्यक्ष हरिप्रताप सिंह, धर्मराज सिंह, रजवंत सिंह प्रमुख रूप से मौजूद रहे। इधर किसी भी अनहोनी से निपटने के लिए बड़ी संख्या में फोर्स तैनात रही।