जिले में प्रधानमंत्री जनधन योजना के तहत खुले खाते में 26 नवंबर तक 218.12 करोड़ रुपये जमा हो चुके हैं। इनमें से अधिकांश खाते ऐसे हैं, जिनमें खाता खुलने के बाद कभी भी एक रुपये नहीं जमा हुए थे। हालांकि सोमवार को सरकार की ओर से दस हजार रुपये से अधिक की निकासी पर प्रतिबंध लगाने से खाताधारकों के चेहरे से हवाइयां उड़ने लगी हैं।
पांच सौ और एक हजार रुपये के पुराने नोट बंद होने के बाद बैंकों में जमा करने के लिए ग्राहकों की भारी भीड़ उमड़ रही है। शहर और ग्रामीण इलाकों में रुपये जमा करने की भीड़ अभी खत्म नहीं हुई है। प्रधानमंत्री जनधन योजना के तहत जीरो बैलेंस पर खुलने वाले खाते में इन दिनों लाखों रुपये बैलेंस है। यह बैलेंस कहां से आया, इसकी जानकारी तो लोग देने को अभी तैयार नहीं है, मगर यह रुपये खाताधारकों के लिए परेशानी का सबब बन सकते हैं। सवाल यह उठता है कि ग्राहक ने जिस खाते में साल भर में एक भी रुपये नहीं जमा किए, उनके पास अचानक कहां से लाखों रुपये आ गए। जिले में प्रधानमंत्री जन धन योजना के तहत 26 नवंबर तक 218.12 करोड़ रुपये जमा हुए हैं। बैंक में रुपये जमा करके ग्राहक भले ही तसल्ली का एहसास कर रहे हों, मगर आने वाले दिनों में यह रुपये उनके लिए सिरदर्द बन सकते हैं। हालांकि सोमवार को सरकार की ओर से जारी बयान में सिर्फ दस हजार रुपये निकालने की छूट दी है।