मृतक शीलेश श्रीवास्तव की फाइल फोटो।
मनौरी पावर हाउस के समीप कार की टक्कर से जख्मी बाइक सवार युवक की सोमवार रात अस्पताल में मौत हो गई। परिवार वालों ने अस्पताल से घर लाकर शव का पोस्टमार्टम कराए बिना ही अंतिम संस्कार कर दिया।
सरायअकिल के तिल्हापुर गांव निवासी किसान वीरेंद्र कुमार श्रीवास्तव ने बताया कि उनका बड़ा बेटा शीलेश श्रीवास्तव (32) प्रयागराज में रहकर मार्केटिंग का काम करता था। सोमवार शाम वह अशरफपुर निवासी अपने दोस्त पंकज कुमार को बाइक पर बैठाकर गांव लौट रहा था।
मनौरी पावर हाउस के समीप सामने से आ रही बेकाबू कार ने उसकी बाइक में टक्कर मार दी। हादसे में सिर और चेहरे पर चोट लगने से शीलेश गंभीर रूप से घायल हो गया था। वहीं, साथी पंकज को मामूली चोटें आई थीं।
एंबुलेंस से शीलेश को इलाज के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां देर रात इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। जवान बेटे की मौत से पीड़ित परिवार की रो-रोकर हालत खराब है।
परिजनों ने शव का पोस्टमार्टम कराए बिना मंगलवार सुबह गांव में अंतिम संस्कार कर दिया। वीरेंद्र के मुताबिक दुर्घटना करने वाला कार चालक वाहन समेत मौके से भाग निकला।
इंस्पेक्टर पिपरी शिवचरण राम ने ऐसी किसी घटना की जानकारी से इन्कार किया है। उन्होंने शिकायत मिलने पर जांच कर कार्रवाई की बात कही है।