जेल चौकी प्रभारी पर रेलवे गेटमैन ने मारपीट और मोबाइल छीनने का आरोप लगाया है। रेलवे पुलिस को तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है। पुलिस मामले की छानबीन में जुट गई है।
हालांकि चौकी प्रभारी ने मारपीट और मोबाइल छीनने जैसी घटना से इन्कार किया है।
जेल रोड क्राॅसिंग पर गेटमैन धर्मेंद्र की तैनाती रेल प्रशासन ने कर रखी है। शुक्रवार शाम करीब चार बजे जेल चौकी प्रभारी चौक घंटाघर की ओर जा रहे थे। एक ओर से गेट पार कर दूसरी ओर पहुंचे तो गेटमैन क्राॅसिंग को बंद करने लगा। चौकी प्रभारी निकलने का प्रयास किए तो उन्हें चोट लग गई। इस पर दोनों लोगों के बीच कहासुनी होने लगी।
धर्मेंद्र का आरोप है कि चौकी प्रभारी लक्ष्मीकांत शर्मा ने उसकी पिटाई कर दी। मोबाइल छीन लिया। जानकारी पर रेल कर्मचारी एक जुट होने लगे। थोड़ी देर बाद जेल चौकी प्रभारी आए और मोबाइल लौटाकर चले गए। धर्मेंद्र ने जीआरपी को तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की।
जेल चौकी प्रभारी ने कहा कि किसी प्रकार का गेट मैन से विवाद नहीं हुआ है। एक तरफ का गेट पार कर गया था, तब गेटमैन ने फाटक बंद करना शुरू किया। इससे कंधे में चोट आ गई है। किसी का मोबाइल नहीं छीना। इस दौरान मौके पर जाम लगा रहा।