इंडियन रेलवे कैटरिंग एंड टूरिज्म कॉर्पोरेशन (आईआरसीटीसी) भारत गौरव विशेष ट्रेन से सात ज्योतिर्लिंगों की यात्रा कराएगी। 12 दिन और 11 रातों का टूर पैकेज आईआरसीटीसी ने लांच किया है। यह ट्रेन मां बेल्हादेवी प्रतापगढ़ जंक्शन होकर दोपहर 2:35 बजे गुजरेगी।
आईआरसीटीसी के मुख्य क्षेत्रीय प्रबंधक अजीत कुमार सिन्हा ने बताया कि 53 हजार 260 रुपये प्रति यात्री खर्च आएगा। उन्होंने बताया कि टूर में उज्जैन स्थित महाकालेश्वर ज्योतिर्लिंग, ओंमकारेश्वर ज्योतिर्लिंग, गुजरात में द्वारिकाधीश, भेटद्वारिका, नागेश्वर ज्योतिर्लिंग, सिग्नेचर ब्रिज, सोमनाथ ज्योतिर्लिंग, नासिक में त्रियंबकेश्वर ज्योतिर्लिंग, पंचवटी, कालाराम मंदिर, भीमाशंकर ज्योतिर्लिंग, औरंगाबाद में घृष्णेश्वर ज्योतिर्लिंग व स्थानीय मंदिरों के दर्शन कराए जाएंगे। यात्रा 30 जून से 11 जुलाई तक चलेगी।
उन्होंने बताया कि ट्रेन में बैठने-उतरने की सुविधा गोरखपुर जंक्शन, मनकापुर जंक्शन, अयोध्या कैंट, सुल्तानपुर, मां बेल्हादेवी प्रतापगढ़ जंक्शन, प्रयागराज संगम, रायबरेली, लखनऊ, कानपुर, ओरई, झांसी, ललितपुर में दी जाएगी। कंफर्ट श्रेणी के पैकेज में डीलक्स होटलों के एसी कमरे (शेयरिंग-नॉन शेयरिंग पैकेज के अनुसार) में रात्रि विश्राम, नाश्ता व दोपहर व रात का शाकाहारी भोजन, एसी बसों से स्थानीय भ्रमण शामिल हैं।
826 रुपये मासिक किस्त देकर कर सकते हैं यात्रा ः यदि आप के पास अभी बजट नहीं है और आप यात्रा करना चाहते हैं तो परेशान मत होइए। 826 रुपये प्रति माह ईएमआई भुगतान की भी सुविधा इंडियन रेलवे केटरिंग एंड टूरिज्म कॉर्पोरेशन दे रहा है। पहले आओ पहले पाओ के आधार पर टिकट की बुकिंग शुरू हो गई है। 30 जून दोपहर 2:35 बजे यह ट्रेन मां बेल्हादेवी जंक्शन पहुंचेगी।