शहर के मीराभवन स्थित बर्तन की दुकान में हुई चोरी के चार आरोपियों को पुलिस ने गायघाट पुल के पास से गिरफ्तार किया। नगर कोतवाली पुलिस ने आरोपियों के पास से चोरी का माल भी बरामद किया है।
24 जनवरी को मीराभवन स्थित बर्तन की दुकान से हुई चोरी का खुलासा शुक्रवार को पुलिस ने किया। सीसीटीवी फुटेज के आधार पर मुकदमा पंजीकृत कर पुलिस आरोपियों की तलाश कर रही थी। गायघाट पुल से पुलिस ने दो महिला व दो पुरूष आरोपियों को गिरफ्तार किया। पुलिस के अनुसार आरोपी प्रयागराज, प्रतापगढ़ सहित पड़ोसी जनपदों में चोरी की घटना को अंजाम देते थे। प्रयागराज में साड़ी की दुकान से चोरी की थी। आरोपियों के कब्जे से पुलिस ने 30 पीतल थाली, 12 फूल कटोरा व 19 साड़ियों के साथ ऑटो वाहन बरामद किया है। उप निरीक्षक अनुपम त्रिपाठी की अगुवाई में पुलिस टीम ने कार्रवाई की।
कौशाम्बी, प्रयागराज के गिरफ्तार आरोपी
चोरी के आरोप में पकड़े गए चार आरोपी प्रयागराज के हैं। पूरामुफ्ती थाना क्षेत्र के फतेहपुर घाट निवासी ओमनाथ उर्फ संजय, विकहा निवासी गोलू वर्मा के साथ कौशाम्बी के संदीपनघाट थाना क्षेत्र के पठनपुरवा मूरतगंज की संतरा देवी व पुरामुफ्ती के मीरापुर की मालती को पुलिस ने गिरफ्तार किया है।