लड़की को बहला फुसलाकर भगा ले जाने के मुकदमे की विवेचना में रिश्वत मांगने वाले दरोगा को पुलिस अधीक्षक ने लाइन हाजिर कर दिया। आरोप है कि आरोपी को बचाने के लिए दरोगा एक लाख रुपये की डिमांड कर रहा था। उसकी बातचीत का ऑडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था।
रानीगंज थाने में तैनात दरोगा हरीश तिवारी लड़की को बहला-फुसलाकर भगा ले जाने के मामले में दर्ज मुकदमे की विवेचना कर रहा था। आरोप है कि कुछ दिनों पहले उसने लड़की के बरामद होने के बाद आरोपी को बचाने के लिए सौदेबाजी शुरू कर दी। सोशल मीडिया पर लड़की को भगाने के आरोपी युवक के एक करीब के साथ बातचीत का आडियो वायरल हुआ है।
जिसमें दूसरा शख्स दरोगा बताया जा रहा है। वायरल आडियो में वह आरोपी के करीबी से मुकदमे के संबंध में यह कहता सुनाई पड़ रहा है कि जो कुछ होता है वह दरोगा होता है। मुकदमे की विवेचना करने वाला दरोगा जो चाहे वह कर सकता है। किसी को बचा सकता है और किसी को आरोपी बना सकता है। अच्छी तरह जानते हो कि इस मुकदमे में आरोपी को बचाना कैसे है।
इसके लिए एक लाख रुपये देने होंगे। आरोपी पक्ष की ओर से बात करने वाले करीबी ने उसकी आर्थिक हालत ठीक न होने की बात बताई। इसके बाद भी दरोगा अपनी डिमांड पूरी होने पर ही कोई कार्रवाई करने की बात करता रहा। बातचीत का आडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस अधीक्षक अभिषेक सिंह ने दरोगा हरीश तिवारी को लाइन हाजिर कर दिया है।
पुलिस ने बाइक चोर को दबोचा
चेकिंग के दौरान पुलिस ने बाइक चोर को दबोचकर जेल भेज दिया। अंतु के भवानीपुर निवासी मुकेश कुमार पुत्र जगन्नाथ की बाइक जून माह में घर के बाहर से चोरी हो गई थी। सोमवार को चेकिंग के दौरान किठावर में पुलिस ने चोरी की बाइक लेकर जा रहे युवक को रोका। पुलिस को देख वह बाइक लेकर भागने लगा। लोगों की मदद से पुलिस ने उसे दबोच लिया। पकड़े गए रवि कुमार वर्मा निवासी उमापुर से पूछताछ करने के बाद पुलिस ने बाइक स्वामी को बुलाया। मंगलवार को आरोपी को जेल भेज दिया गया।
हादसे में घायल महिला ने तोड़ा दम
बरसात से घर के बाहर हुए कीचड़ में फिसलकर गिरी महिला की मौत हो गई। जिससे घर में कोहराम मचा रहा। पट्टी कोतवाली के आशापुर अठगवां की रहने वाली कुसुम सिंह (55) पत्नी राम सिंह मंगलवार की सुबह रिमझिम बरसात के दौरान घर से बाहर निकली थी। दरवाजे पर कीचड़ में पैर फिसलने के कारण वह गिर पड़ी। जिससे गंभीर रूप से घायल हो गई। आनन-फानन में परिजन सीएचसी पट्टी ले गए। वहां जांच के बाद डाक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। खबर घर पहुंचते ही कोहराम मच गया।
रंजिश में दिव्यांग लड़की से अश्लील हरकत करने वालों पर मुकदमा
जमीन के विवाद में दिव्यांग लड़की को पीटने के साथ अश्लील हरकत करने के मामले में पुलिस ने आखिरकार मुकदमा दर्ज कर लिया। आसपुर देवसरा थाना क्षेत्र के धरौली की रहने वाली दिव्यांग लड़की का आरोप है कि 22 जून को जमीन विवाद को देखते हुए हलका लेखपाल पैमाइश करने आए थे। उन्होंने निशानदेही कर जमीन का बंटवारा कर दिया। लेखपाल के जाते ही पड़ोस के रहने वाले लोगों ने खूंटी उखाड़कर फेंक दी। वह इसका वीडियो बनाने लगी। तभी संदीप यादव, प्रदुम यादव, सुबाध आदि ने उसे पकड़ लिया और मोबाइल छीनकर चप्पलों से पीटा। जिससे वह मूछत हो गई। उन लोगों ने उसके साथ अश्लील हरकत की। होश में आने पर वह फिर वीडियो बनाने लगी। जिसके बाद आरोपी भाग निकले। दिव्यांग लड़की के साथ हुई घटना में पुलिस लापरवाह बनी रही। पीड़िता अधिकारियों के दरवाजे पर न्याया की गुहार लगाती रही। आखिरकार अब जाकर उसका मुकदमा दर्ज हो सका। एसओ देवसरा ने बताया कि पीड़िता की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है।