पट्टी कोतवाली के रायपुर वनपुरवा निवासी निलेश पांडेय के छह वर्षीय पुत्री आराध्या पांडेय की झोलाछाप के गलत इलाज ने जान ले ली। परिजनों ने इसकी शिकायत की तो झोलाछाप ने खुद को माफिया मुख्यार अंसारी का रिश्तेदार बताते हुए धमकी दी। यह आरोप लगाते हुए पीड़ित ने सीएमओ से करते हुए झोलाछाप के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
रायपुर वनपुरवा निवासी विजयकांत पांडेय ने इस संबंध में सीएमओ को शिकायती पत्र दिया। जिसमें लिखा कि उनकी नातिन आराध्या का गलत इलाज करने वाले सैफाबाद बाजार में अंसारी क्लीनिक संचालक झोलाछाप के खिलाफ कार्रवाई की जाए। विजयकांत का आरोप है कि उसकी छह वर्षीय नातिन को बुखार था। अंसारी क्लीनिक में खुद को डॉक्टर बताने वाले संचालक के पास इलाज कराने ले गया था। जहां उसे भर्ती कर 24 घंटे तक इलाज किया। हालत बिगड़ने पर रेफर दिया गया।
परिजन आराध्या को लखनऊ स्थित राम मनोहर लोहिया चिकित्सालय ले गए। चिकित्सकों ने भर्ती कर जांच कराई तो पता चला कि आराध्या लिवर 80 प्रतिशत के साथ किडनी और फेफड़ा भी संक्रमण शए खराब हो चुका है। वहां बच्ची की मौत हो गई। चिकित्सकों ने बताया कि पूर्व में इलाज करने वाले डॉक्टर ने गलत दवा और इंजेक्शन दिया था।
पीड़ित विजयकांत का आरोप है कि खुद को डॉक्टर बताते वाले अंसारी क्लीनिक संचालन के पास किसी प्रकार की डिग्री और डिप्लोमा नहीं है। वह बिना लाइसेंस क्लीनिक संचालित कर लोगों की जान से खेल रहा है। शिकायत करने पर क्लीनिक संचालक ने धमकी भी दिया कि वह माफिया मुख्तार अंसारी का रिश्तेदार है। शिकायत की तो गंभीर परिणाम भुगतने पड़ेंगे। इस मामले में डिप्टी सीएमओ डॉ. एस हैदर ने कहा, शिकायती पत्र के आधार पर जांच कराई जा रही है। जांच रिपोर्ट के आधार पर कार्रवाई की जाएगी।