कोहड़ौर के जलालपुर में सोमवार की सुबह दो बाइकों के बीच-आमने-सामने टक्कर हो गई। इस दौरान एक बाइक पर सवार मासूम बच्ची सिर के बल सड़क पर गिर गई। गंभीर चोट लगने की वजह से उसे सीएचसी संडवा चंद्रिका पहुंचाया गया। जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मौके पर पहुंची पुलिस कार्रवाई में जुट रही।
कोहड़ौर थाना क्षेत्र के सरायशंकर (चिगुडा) निवासी शिव बहादुर बेटी काव्या (8) को लेकर रिश्तेदारी अमेठी गए थे। सोमवार की सुबह वहां बाइक से घर लौट रहे थे। जलालपुर गांव स्थित ईंट-भट्ठे के करीब सामने से आ रही तेज रफ्तार बाइक ने शिव बहादुर को टक्कर मार दी। जोरदार टक्कर होने के कारण बाइक पर पीछे बैठी काव्या सिर के बल सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गई। शिव बहादुर को भी चोटें आईं।
पिता बेटी को सीएचसी संडवा चंद्रिका ले गए। जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। यह देख शिव बहादुर रोने-बिलखने लगे। घटना की जानकारी मिलने पर परिजन भी अस्पताल पहुंच गए। वहीं, हादसे के बाद मौके पर पुलिस जांच-पड़ताल करती रही।