अब आधार कार्ड बनाने के लिए अभिभावकों को बच्चों को लेकर कार्यालय के चक्कर नहीं लगाने होंगे। अभिभावकों की सहूलियत के लिए अब घर पर ही बच्चों का आधार कार्ड बनाया जाएगा। डाक विभाग ने यह पहल शुरू की है। डाकिए घर जाकर बच्चों का आधार कार्ड बनाएंगे। इससे लोगों को परेशान नहीं होना पड़ेगा।
जिले में प्रधान डाकघर से 44 उप डाकघर व 320 शाखा डाकघर जुड़े हुए हैं। बैंकों की तर्ज पर डाकघर की व्यवस्थाओं में लगातार बदलाव किए जा रहे हैं। बैंक, एटीएम के साथ ही डाकघर की सारी व्यवस्थाएं पेपरलेस हो गई हैं। डाक विभाग के इंडिया पोस्ट बैंक के जरिए जिले में घर-घर जमा निकासी की सुविधा ग्राहकों को मिलने लगी है। डाकिए घर-घर जाकर जमा-निकासी कर रहे हैं। डाकघरों में आधार कार्ड बनाने के लिए सेंटर खुले हैं।
हर दिन आधार कार्ड बनवाने के लिए भीड़ उमड़ती है। टोकन के द्वारा आधार कार्ड बनाने की प्रक्रिया पूरी की जाती है। बच्चों का आधार कार्ड बनवाने में अभिभावकों को परेशान होना पड़ता है। उन्हें लेकर कार्यालय जाना पड़ता है। सर्वर फेल होने पर आधार कार्ड की प्रक्रिया पूर्ण नहीं हो पाती है। ऐसे में उन्हें कई बार चक्कर लगाने पड़ते हैं, मगर अब अभिभावकों को इससे छुटकारा मिल जाएगा।
बच्चों का आधार कार्ड घर पर ही बनाया जाएगा। डाक विभाग ने यह पहल शुरू की है। डाकिए घर जाकर आधार कार्ड बनाएंगे। उनके पास आधार कार्ड बनाने के उपकरण भी होंगे। बर्थ सर्टिफिकेट के जरिए आधार कार्ड बनाएंगे। इससे अभिभावकों को कार्यालय के चक्कर नहीं लगाने होंगे। इंडिया पोस्ट पेमेंट बैक के मैनेजर विवेक सिंह ने बताया कि इससे लोगों को काफी सहूलियत मिलेगी।