उप संभागीय परिवहन अधिकारी कार्यालय में तैनात महिला लिपिक के साथ काम के सिलसिले में पहुंचे कुछ लोगों ने अभद्रता की। जिसे लेकर खासा हंगामा हो गया। सूचना पर पुलिस पहुंची तो आरोपी धमकी देते हुए फरार हो गए। तमाम जतन के बाद भी काउंटर से लेकर परिसर में दलालों का कब्जा है।
उप संभागीय परिवहन कार्यालय में सुबह से लेकर शाम तक ड्राइविंग लाइसेंस, वाहनों के पंजीकरण समेत अन्य कार्यों के लिए भीड़ जुटी रहती है। इस भीड़ में अधिकांश चेहरे पुराने ही नजर आते हैं। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार सोमवार को करीब 11 बजे चार युवक महिला लिपिक रश्मि सिंह के काउंटर पर दुपहिया वाहन से संबंधित कार्य कराने के सिलसिले में पहुंचे। कागजात कम होने को लेकर महिला लिपिक व युवकों के बीच कहासुनी होने लगी। देखते ही देखते युवक महिला कर्मचारी से अभद्रता करने लगे। जिसे लेकर शोर शराबा होने लगा। काउंटर पर खासी भीड़ जमा हो गई। हंगामे की खबर पर पुलिसकर्मी भागकर पहुंचे। तब तक आरोपी युवक खिसक लिए। लोगों ने उनकी तलाश की लेकिन वे नहीं मिले। महिला लिपिक ने एआरटीओ चौकी पर अभद्रता करने वाले लोगों की शिकायत की। चौकी प्रभारी केशव प्रसाद यादव ने बताया कि महिला लिपिक ने कुछ लोगों द्वारा अभद्रता करने की शिकायत की है। उनकी तलाश कर कार्रवाई की जाएगी।