बैंक उपभोक्ताओं के लिए चिप लगा एटीएम कार्ड मुसीबत बन गया है। एटीएम कार्ड बैंकों की तरफ से उपलब्ध न कराए जाने के कारण वह रुपये नहीं निकाल पा रहे हैं। आवेदन करने के बावजूद उनका एटीएमकार्ड नहीं जारी हो पा रहा है।
जनपद में बैंकों ने पुराने एटीएम कार्ड को बदलकर नया चिप लगा एटीएम कार्ड जारी करने का फैसला किया था। पहले बैंक की ओर से मिलने वाले एटीएम कार्ड में चिप नहीं लगी होती थी। इसका फायदा उचक्के उठाते थे। एटीएम कार्ड बदलकर ग्राहक के खाते से धनराशि निकाल लेते थे। लगातार ऐसी शिकायतें मिलने के बाद बैंकों की ओर से ग्राहकों को चिप लगा एटीएम कार्ड जारी करने के लिए आदेश आ गया।
इसके लिए एटीएम मशीन में भी बदलाव कर दिया गया। एटीएम मशीनें पुराने कार्ड को नहीं स्वीकार कर रही हैं। इससे ग्राहकों की मुसीबत बढ़ गई। बैंक के सूत्रों की मानी जाए तो 40 प्रतिशत लोग ऐसे हैं जिनका पुराना एटीएम कार्ड अब तक नहीं बदला जा सका।
चिप लगा कार्ड उन्हें नहीं दिया गया। इससे परेशान उपभोक्ता बैंकों के चक्कर काट रहे हैं। सबसे ज्यादा ग्राहक उत्तर प्रदेश ग्रामीण बड़ौदा बैंक के हैं जिन्हें चिप लगा एटीएम कार्ड नहीं जारी किया जा रहा है। पुराने एटीएम कार्ड को लेकर वह भटक रहे हैं।
चिप लगा एटीएम कार्ड ग्राहकों के घर डाक से भेजा जा रहा है। जिनके खाते से लेनदेन नहीं हो रहा है, उनको एटीएम कार्ड के लिए बैंक में फार्म भरना होगा।
जेपी निगम, चीफ मैनेजर, एसबीआई।