आरओ-एआरओ परीक्षा में कक्ष निरीक्षक की नकल में संलिप्तता मिलने पर एक करोड़ का जुर्माना लगाया जाएगा। दोषी कक्ष निरीक्षक को आजीवन कारावास की सजा भी भुगतनी होगी। परीक्षा को लेकर बृहस्पतिवार को जीआईसी, जीजीआईसी व एनआईसी में सेक्टर, स्टेटिक मजिस्ट्रेट व कक्ष निरीक्षकों को प्रशिक्षित किया गया।
उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग की ओर से 27 जुलाई को आयोजित होने वाली परीक्षा 23 केंद्रों पर होगी। सुबह 8 से 8.45 तक अभ्यर्थियों को प्रवेश दिया जाएगा। परीक्षा केंद्र के अंदर अभ्यर्थी इलेक्ट्रानिक गैजेट्स नहीं ले जा सकेंगे। बायोमीट्रिक सत्यापन के बाद ही अभ्यर्थियों को परीक्षा केंद्र में जाने की अनुमति मिलेगी।
सुबह 9.30 से दोपहर 12.30 बजे तक परीक्षा आयोजित की जाएगी। आरओ-एआरओ परीक्षा में करीब 10,500 अभ्यर्थी सम्मिलित होंगे। केंद्र व्यवस्थापकों को परीक्षा केंद्र के अंदर सीसीटीवी कैमरा संचालित रखने का निर्देश दिया गया। परीक्षा केंद्रों के आसपास पुलिस कर्मी सुरक्षा व्यवस्था को लेकर चहलकदमी करते रहेंगे। डीएम शिव सहाय अवस्थी ने बताया कि नकलविहीन सकुशल परीक्षा संपन्न कराने के लिए कर्मचारियों और अधिकारियों को प्रशिक्षित किया गया है।