जब विश्व में 50 से अधिक इस्लामिक देश हो सकते हैं और नेपाल भी हिंदू राष्ट्र रहा है तो भारत को हिंदू राष्ट्र घोषित करने में दिक्कत नहीं होनी चाहिए। यह बातें सोमवार को कुंडा स्थित बेंती कोठी पहुंचे हैदराबाद के हिंदूवादी नेता टी. राजा ने कही।
टी. राजा ने कहा कि देश में 80 फीसदी हिंदू रहते हैं तो देश को हिंदू राष्ट्र होना चाहिए। कहा कि आरएसएस के मोहन भागवत कहते हैं कि हमारा भारत हिंदू राष्ट्र रहा है और आगे भी रहेगा। वहीं, आज का भारत चाहता है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी संसद में भारत को हिंदू राष्ट्र होने की घोषणा करें। कहा कि देश सुरक्षित रखना है तो जनसंख्या नियंत्रण कानून बनाना जरूरी है। मुसलमानों के दुश्मन भाजपा, मोदी और योगी नहीं बल्कि ओवैसी हैं।
चुनाव होने पर मुसलमानों का नाम लेकर वोट काटने का काम ओवैसी करते हैं। गाय को राष्ट्रमाता घोषित किए जाने का भी समर्थन किया। उनका जनसत्ता दल लोकतांत्रिक के राष्ट्रीय अध्यक्ष व कुंडा रघुराज प्रताप सिंह राजा भैया के साथ कार्यकर्ताओं ने गर्मजोशी के साथ स्वागत किया। इस मौके पर राष्ट्रीय महासचिव डॉ. केएन ओझा, ब्लाॅक प्रमुख संतोष सिंह, जिला पंचायत सदस्य बबलू सिंह, संजय जायसवाल, कुलदीप पटेल, शिव कुमार तिवारी, नरेंद्र सिंंह, देवेंद्र सिंह, ध्यानी सिंह, विनोद पटेल, हरीओम शंकर श्रीवास्तव आदि मौजूद रहे।
जय श्रीराम के उद्घोष से गूंजी बेती कोठी
बेती कोठी पहुंचते ही टी. राजा ने सबसे पहले बजरंगबली के मंदिर में हनुमान चालीसा का पाठ कर पूजन अर्चन किया। उनके स्वागत में कार्यकर्ता हाथों में मालाफूल लेकर जय श्रीराम के नारे का उद्घोष करते रहे। राजा भैया के बड़े बेटे शिवराज प्रताप सिंह ने कार्यकर्ताओं के साथ उनका स्वागत किया। बेती कोठी के चर्चित तालाब का सैर कराया।