आईसीएसई बोर्ड की दसवीं और बारहवीं के नतीजे सोमवार को घोषित कर दिए गए। हाईस्कूल में शाश्वत चित्रांश 92.6 और इंटरमीडिएट में नीलेश श्रीवास्तव 90.8 अंक प्राप्त कर जिले के टॉपर बने हैं। जिले के एकमात्र स्कूल में इंटरमीडिएट के 118 और हाईस्कूल में 81 बच्चों ने परीक्षा दी थी। इनमें से सभी उत्तीर्ण हैं।
आईसीएसई (इंडियन स्कूल सर्टिफिकेट एग्जामिनेशन) बोर्ड ने यूपी बोर्ड के ठीक एक दिन बाद दसवीं और बारहवीं के परिणाम सोमवार को जारी कर दिए। शहर के एकमात्र स्कूल प्रभात एकेडमी में इंटर में 81 और हाईस्कूल में 118 छात्र-छात्राओं ने परीक्षा दी थी। इंटरमीडिएट की परीक्षा में नीलेश श्रीवास्तव 454 अंक पाकर सबसे आगे रहा। जबकि शांतनु चित्रांश 448 अंक पाकर दूसरे स्थान, उज्वल रंजन राव 444 अंक पाकर तीसरे, परम श्रीवास्तव 440 अंक पाकर चौथे, अमन सिंह 435 अंक पाकर पांचवें स्थान पर रहे।
हाईस्कूल की परीक्षा में शाश्वत चित्रांश 556 अंक पाकर अव्वल रहे। अभ्युदय प्रताप सिंह 544 अंकों के साथ दूसरे, जिज्ञासा मिश्र 539 अंक पाकर तीसरे, शांभवी सिंह 514 अंक पाकर चौथे और देवापि त्रिपाठी 506 अंक पाकर पांचवां स्थान बनाने में सफल रहे। बोर्ड ने रिजल्ट घोषित करने के लिए ग्यारह बजे का समय दिया था, मगर वेबसाइट सवा बारह बजे खुली। वेबसाइट पर रिजल्ट नहीं मिलने से परेशान छात्र-छात्राएं और अभिभावक साइबर कैफे का चक्कर लगाते रहे। मोबाइल और साइबर कैफे में रिजल्ट देखने में असफल होने पर अभिभावक स्कूल पहुंचकर प्रिंसिपल डॉ. प्रभात शर्मा से परिणाम की जानकारी करते रहे। बच्चों की सफलता पर प्रिंसिपल ने खुशी का इजहार करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है।