आईएएस अभय सिंह के पिता और उनके साले भाजपा नेता रवि सिंह के बीच संपत्ति को लेकर छिड़ी रार थमने का नाम नहीं ले रही है। तीन दिन बाद भी भाजपा नेता की तहरीर पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज नहीं किया।
उधर, आईएएस अभय सिंह के पिता अमरेंद्र सिंह ने सिटी पैलेस के मुख्य द्वारों पर अपने नाम का बोर्ड लगवा दिया है। मुख्य मार्ग की तरफ उनके नाम से नवरात्र, दशहरा और दिवाली की बधाई का बड़ा होर्डिंग भी टांग दिया गया है। उधर, कुछ लोग साले-बहनोई के बीच छिड़ी रार में सुलह के लिए भी प्रयास कर रहे हैं।
सदर विकास खंड के पचखरा निवासी अमरेंद्र बहादुर सिंह के बड़े बेटे अभय सिंह आईएएस अफसर हैं। मौजूदा समय में अमरेंद्र सिंह अपने परिवार के साथ सिविल लाइन स्थित सिटी पैलेस में रह रहे हैं। गुरुवार की रात आईएएस अफसर के चालक के बच्चे होटल में खाना खाने आए थे। जिसे लेकर अभय सिंह के मामा भाजपा नेता रवि सिंह व पिता अमरेंद्र बहादुर सिंह के बीच विवाद हो गया था।
रात में ही पुलिस ने आईएएस अफसर के पिता अमरेंद्र सिंह का मेडिकल कराया और भाजपा नेता रवि सिंह समेत पांच लोगों पर नामजद व तीन अज्ञात के खिलाफ मारपीट, बलवा, धोखाधड़ी का मुकदमा दर्ज कर लिया। भाजपा नेता रवि सिंह ने भी पुलिस को तहरीर दी, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई। तीन दिन बाद भी भाजपा नेता की तहरीर पर मुकदमा दर्ज नहीं हो सका।
संपत्ति को लेकर साले व बहनोई के बीच रार छिड़ी हुई है। रविवार को आईएएस अफसर के पिता ने सिटी पैलेस के चारों ओर अपने नाम का बोर्ड लगा दिया। उनका कहना है कि वह सिटी पैलेस के संस्थापक हैं। इसलिए पैलेस के बाहर अपने नाम का बोर्ड लगवाया, ताकि लोगों को असलियत की जानकारी हो सके। उधर, तनाव को देखते हुए सुरक्षा के लिए दो पुलिसकर्मी आईएएस अफसर के पिता मकान के बाहर लगाए गए हैं।
कोतवाल ने कहा, अभी नहीं मिली भाजपा नेता की तहरीर
नगर कोतवाल सुरेंद्रनाथ ने बताया कि भाजपा नेता रवि सिंह की कोई तहरीर उन्हें नहीं मिली। यदि मिलती भी है तो दर्ज मुकदमे की विवेचना के दौरान उसे भी शामिल कर लिया जाएगा। फिलहाल सिविल लाइन चौकी प्रभारी बालकिशुन विवेचना कर रहे हैं तनाव को देखते हुए पुलिसकर्मी तैनात कर दिए गए हैं। ताकि किसी भी प्रकार का विवाद न हो। पुलिसकर्मी तीन शिफ्टों में ड्यूटी कर रहे हैं।
सिटी पैलेस अमरेन्द्र बहादुर सिंह भवन।- फोटो : PRATAPGARH