प्रतापगढ़। बकाया मानदेय के लिए प्रेरकों ने कंपनीबाग में बैठक की। विभाग में धनराशि होने के बावजूद मानदेय का भुगतान नहीं करने पर नाराजगी व्यक्त करते हुए ब्लाक समन्वयकों के खिलाफ कार्रवाई करने की मांग की है।
रविवार को प्रेरकों की हुई बैठक में जिलाध्यक्ष सत्यवान सिंह ने कहा कि बीते सप्ताह साक्षरता विभाग के डायरेक्टर जनरल आईएसके शेष कुमार ने प्रेरकों के प्रतिनिधि मंडल को आश्वस्त किया है कि जल्द से जल्द प्रेरकों के मानदेय में सम्मानजनक बढ़ोत्तरी की जाएगी। बकाया मानदेय के सम्बंध में बताया कि सभी राज्यों को कड़ा पत्र जारी कर भुगतान का निर्देश दिया गया है।
प्रेरकों ने चेताया है कि फरवरी माह तक मानदेय का भुगतान नहीं होता है तो आन्दोलन को तेज किया जाएगा। प्रेरकों ने जल्द ही बीएसए से मिलकर मानदेय भुगतान में देरी करने वाले ब्लाक समन्वयकों के तबादले की मांग करने की बात कही है। इस मौके पर ओम प्रकाश मिश्र, एसएल गुप्ता, जेपी विश्वकर्मा, एमके शर्मा, सुषमा पांडेय, रीना सिंह, रामचंद्र, सीमा, गीता, विनोद, बबिता, योगेश मिश्र आदि थे।