खानाबदोश होम्योपैथिक अस्पतालों को मिलेगा ठिकाना
दर्जनभर अस्पतालों के निर्माण के लिए शासन ने दिए दो करोड़ 13 लाख रुपये
किराए के भवन में चलने वाले होम्योपैथिक अस्पतालों के दिन बहुरने वाले हैं। जल्द ही उन्हें अपना भवन मिलने जा रहा है। सुविधाएं भी बढ़ेंगी। इसके लिए शासन ने दो करोड़ 13 लाख रुपये का बजट पास किया है। इससे शहर से लेकर ग्रामीणांचल के उन मरीजों को काफी सहूलियत मिलेगी जो होम्योपैथिक पद्धति इलाज कराते हैं।
जिले में ज्यादातर होम्योपैथिक अस्पताल किराए के भवन में संचालित हो रहे हैं। जिनका खुद का भवन है तो वह पूरी तरह से जर्जर हो गया है। इससे मरीजों के साथ ही स्वास्थ्य कर्मचारियों की जान का खतरा बना रहता है। जर्जर भवन होने के कारण चिकित्सक अस्पताल में कम आते हैं। निरीक्षण करने के लिए भी कोई नहीं जाता है। इससे मरीजों को परेशान होना पड़ता है। मगर अब ऐसा नहीं होगा। विभाग के सूत्रों की मानी जाए तो चिलबिला, राजगढ़, सिटी और बड़नपुर में एक-एक लाख की लागत से नए होम्योपैथिक अस्पताल का निर्माण होगा।
इसके अतिरिक्त मानधाता के पुरैला, घुइसरनाथ, रेहुआ लालगंज, दर्रा, बसंतगंज, बाबा बेलखरनाथधाम, पट्टी, शिवगढ़, कुंडा, मानधाता के पर्वतपुर, गौरा के कतरौली, खूजी कला, गोतनी, परानूपरु, सरायआनादेव, हैंसी, शनिदेव धाम में अस्पताल निर्माण और पुराने अस्पताल की मरम्मत के लिए शासन ने कुल दो करोड़ 13 लाख रुपये का बजट पास किया है।
शासन की ओर से कुछ इस तरह का पत्र आया है। मगर ज्यादा जानकारी जिला होम्योपैथिक अधिकारी दे सकते हैं।
अरविंद कुमार श्रीवास्तव, सीएमओ।