होमगार्ड भर्ती परीक्षा के दूसरे दिन रविवार को अभ्यर्थियों को संविधान के प्रश्न आसान लगे। वहीं, तर्कशक्ति और सामान्य ज्ञान के प्रश्नों में वह उलझ गए। भीषण गर्मी के बीच 27 फीसदी अभ्यर्थी परीक्षा देने नहीं पहुंचे। दो पालियों में 6326 अभ्यर्थियों ने परीक्षा दी। बायोमीट्रिक जांच के बाद अभ्यर्थियों को परीक्षा केंद्र में प्रवेश मिला।
एडीजी प्रयागराज ज्योति नारायन ने परीक्षा केंद्र तिलक इंटर कॉलेज का निरीक्षण किया। सीसीटीवी कैमरों के संचालन के साथ कंट्रोल रूम की कार्यप्रणाली को देखा। एसपी दीपक भूकर के साथ एएसपी पश्चिमी बृजनंदन राय ने भी परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण किया।
परीक्षा संचालन के जिला प्रबंधक प्रो. उपेंद्र कुमार सिंह ने बताया कि पहली पाली में सुबह 10 से दोपहर 12 बजे पंजीकृत 4368 के सापेक्ष 3190 अभ्यर्थी उपस्थित हुए। 1178 अभ्यर्थी अनुपस्थित रहे। दूसरी पाली में दोपहर तीन से शाम पांच बजे तक पंजीकृत 4368 के सापेक्ष 3136 अभ्यर्थियों ने परीक्षा दी। 1232 अभ्यर्थी अनुपस्थित रहे। परीक्षा केंद्रों पर पुलिस ने अभ्यर्थियों को जूता मोजा उतारकर परीक्षा कक्ष में जाने का निर्देश दिया। टोपी, गमछा और स्टॉल व आभूषण भी जमा कराए गए।
इनसेट-
बदले गए दो केंद्र व्यवस्थापक
प्रतापगढ़। समय पर परीक्षा संबंधी जानकारी न देने पर डीआईओएस ने रविवार को दो परीक्षा केंद्रों के केंद्र व्यवस्थापकों को बदल दिया। डीआईओएस ओमकार राणा ने बताया कि पीबी इंटर कॉलेज के केंद्र व्यवस्थापक डॉ. अनूप सिंह के स्थान पर जीआईसी चंदीगोविंदपुर के प्रधानाचार्य शशांक और अनंत प्रसाद सिंह कॉलेज के केंद्र व्यवस्थापक जितेंद्र सिंह के स्थान पर माडर्न इंटर कॉलेज रानीगंज के प्रधानाचार्य विशाल वर्मा की ड्यूटी लगाई गई है।
इनसेट-
दूसरे केंद्र पर पहुंच गया अभ्यर्थी
प्रयागराज के पवन को दूसरी पाली में ग्राम विकास इंटर कॉलेज देल्हूपुर में परीक्षा देनी थी। गलती से वह स्वामी करपात्री इंटर कॉलेज रानीगंज पहुंच गया। हालांकि अफसरों ने उसे परीक्षा में बैठने की अनुमति प्रदान की। अफसरों के अनुसार, भर्ती बोर्ड का निर्देश है कि यदि अभ्यर्थी भूलवश किसी भी सेंटर में समय से पहुंचता है तो जांच के बाद उसे परीक्षा देने का मौका दिया जाएगा।
इनसेट-
अभ्यर्थियों से बातचीत
0 सामान्य ज्ञान के प्रश्न काफी कठिन थे। संविधान के सवाल काफी सरल थे।
वीरेंद्र सिंह
0 प्रश्नपत्र का स्तर काफी कठिन था। तर्कशक्ति के प्रश्नों ने काफी परेशान किया।
पुष्पेंद्र सिंह