गौरा ब्लाक परिसर में ग्रामीणों द्वारा बंद किये गये आवारा पशु।
- फोटो : PRATAPGARH
छुट्टा मवेशियों के आतंक से आक्रोशित ग्रामीणों ने बुधवार को जमकर हंगामा किया। खेतों में फसलों का नुकसान होने पर मवेशियों को ब्लाक में बंद कर दिया। बाहर से गेट बंद कर दिया। ब्लाक कर्मियों के विरोध पर जमकर कहासुनी हुई। नायब तहसीलदार पहुंचे तो किसानों की उनसे झड़प हो गई। बाद में ट्रक मंगवाकर सभी मवेशियों को पशुशाला भेज दिया गया। इसके बाद मामला शांत हुआ।
बुधवार को खेतों में फसलों को नुकसान पहुंचा रहे मवेशियों को दो वाहनों में लादकर ग्रामीण गौरा ब्लाक पहुंचे। ब्लाक परिसर में सभी मवेशियों को उतार दिया गया। बाहर से गेट बंद कर दिया गया। ग्रामीण गेट पर खड़े हो गए। ब्लाक कर्मियों को गेट खोलने नहीं दे रहे थे। इस पर ब्लाक कर्मियों से कहासुनी होने लगी।
बात बढ़ने लगी तो किसी ने इसकी सूचना नायब तहसीलदार को दी। दलबल के साथ नायब तहसीलदार मौके पर पहुंचे। ग्रामीणों को मनाने लगे। प्रर्दशन कर रहे ग्रामीणों की नायब तहसीलदार से झड़प शुरू हो गई। उन्होंने किसी तरह लोगों को शांत कराया। बाद में ट्रक से सभी मवेशियों को रानीगंज में खुली गोशाला भेजवा दिया।