आसपुर देवसरा थाना क्षेत्र के करौंदहा गांव निवासी आजाद अली का आरोप है कि उसकी भूमि धरी जमीन में मौजूद छह आम के हरे पेड़ों को आधा दर्जन दबंग पड़ोसियों ने इलेक्ट्रिक आरा मशीन से काटकर धराशायी कर दिया। विरोध करने पर दबंग पड़ोसी असलहा लहराते हुए उसके घर में घुस गए और झूमर-पंखा समेत तीन बाइक व घर की खिड़की व घड़ी समेत अन्य तोड़कर क्षतिग्रस्त कर दिया। पीड़ित ने मामले की शिकायत वन विभाग के रेंजर से की है।
ग्रामीणों ने कोटेदार पर लगाया अनियमितता का आरोप
विकासखंड आसपुर देवसरा के नचरावला गांव के कोटेदार के विरुद्ध ग्रामीणों ने राशन वितरण में धांधली, अतिरिक्त पैसे की वसूली समेत तमाम अनियमितता के आरोप लगाए हैं। दर्जनों की संख्या में ग्रामीणों ने कोटेदार के विरुद्ध अपना हस्ताक्षरयुक्त शिकायती प्रार्थना पत्र जिला पूर्ति अधिकारी को सौंपा है। आसपुर देवसरा ब्लाक के नचरौला के अखिलेश यादव, अकबरुल निशा, हमीदुलनिशा, रुकसाना निशा, बेनी प्रसाद, शोभावती, बुधना, बबीता सहित दर्जनभर ग्रामीणों ने डीएम व जिला पूर्ति अधिकारी को दिए गए शिकायती प्रार्थना पत्र में कोटेदार रेखा देवी के खिलाफ राशन वितरण में धांधली के साथ ही मनमानी तरीके से घटतौली व अधिक मूल्य वसूलने का आरोप लगाया है। ग्रामीणों ने मामले की जांच कराकर कोटेदार के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।