दवा लेने जा रहे वृद्ध की घर से कुछ दूर गोली मारकर हत्या कर दी गई। मृतक की एक दिन पहले पट्टीदारों से कहासुनी हुई थी। घटना के बाद हड़कंप मच गया। मामले में मृतक के बेटे ने होमगार्ड के बेटे समेत तीन के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कराया है। घटना की जांच में जुटी पुलिस आरोपियों की तलाश कर रही है।
लालगंज कोतवाली के बेलहा हिरऊ का पुरवा निवासी श्यामशंकर मिश्र (62) पुत्र स्व. यज्ञनारायण बुधवार को घर से खेत की ओर गए थे। खेत में काम खत्म होने के बाद वह दवा लेने के लिए पैदल ही नया पुरवा जा रहे थे। गांव से कुछ दूर पहले ही उनकी गोली मारकर हत्या कर दी गई। काफी देर शव मौके पर पड़ा रहा। इस बीच किसी ने देखा तो परिजनों के साथ ही कोतवाली पुलिस को सूचना दी। वृद्ध की हत्या की जानकारी मिलने पर पुलिस के हाथ-पांव फूल गए। कुछ देर में पुलिस व परिजन मौके पर पहुंच गए।
मृतक के कनपटी व सिर से खून निकल रहा था। पुलिस ने परिजनों व स्थानीय लोगों से पूछताछ के बाद शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। घटना की जानकारी पर अपर पुलिस अधीक्षक पश्चिमी दिनेश द्विवेदी भी पहुंचे और पुलिस को शीघ्र घटना का खुलासा करने का निर्देश दिया।
पुलिस पूछताछ के लिए दो लोगाें को कोतवाली ले गई है। मृतक के बेटे शैलेंद्र मिश्र ने पड़ोसी राजेंद्र मिश्रा की बेटी रेखा, कौशांबी निवासी रेखा का पति सोनू पांडेय व कान का पुरवा के पूर्णेंद्र शुक्ला उर्फ बच्चा के खिलाफ हत्या करने का मुकदमा दर्ज कराया है। आरोपी पूर्णेंद्र होमगार्ड कमलेश शुक्ल का पुत्र है। कोतवाल ने बताया कि तीन लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। घटना की जांच की जा रही है।