जिले के 62 प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों पर रविवार को आरोग्य मेले में कहीं दोपहर बाद डॉक्टर नहीं मिले तो कहीं तीन बजे मुख्यद्वार पर ताला लटकता रहा। इलाज के लिए पहुंचे मरीजों को निराश होकर लौटना पड़ा।
विभागीय आंकड़ों के मुताबिक आरोग्य मेले में 1364 मरीजों ने जांच और इलाज कराया। इनमें जुकाम, बुखार और खांसी के मरीजों की संख्या अधिक रही।
आरोग्य मेले में एलोपैथ, होम्योपैथिक और आयुर्वेदिक चिकित्सकों के साथ फार्मासिस्ट को मरीजों का इलाज करने का निर्देश दिया गया है। सुबह 10 से शाम चार बजे तक आरोग्य मेला आयोजित किया जाता है।
घुइसरनाथ पीएचसी: दोपहर दो बजे
पीएचसी में डॉ. पुष्पेंद्र 12 मरीजों को इलाज कर घर चले गए। मौके पर फार्मासिस्ट पवन सिंह बैठे मिले। उन्होंने बताया कि डॉक्टर के न होने से मरीज नहीं आ रहे हैं। जो आए उन्हें दवा देकर भेजा गया।
अजीत नगर- अर्बन पीएचसी
पीएचसी में तैनात डॉक्टर सहित अन्य कर्मचारी ढाई से पौने तीन बजे मुख्यद्वार पर ताला लगाकर घर चले गए। तीन बजे अस्पताल गेट पर ताला लटकता रहा। इलाज कराने आने वाले मरीजों को निराश होकर लौटना पड़ा।
रानीगंज कैथौला
दोपहर 1:30 बजे तक महज 12 मरीज पहुंचे। डॉ. टीपू सिंह ही इलाज करने के साथ मरीजों को दवा दे रहे थे। जांच की सुविधा न होने से मरीजों को लालगंज भेजा गया।
बीरापुर पीएचसी
यहां एमबीबीएस डॉक्टर और फार्मासिस्ट की ड्यूटी ही नहीं है। आयुष चिकित्सक डॉ. नरेंद्र सिंह इलाज करते हैं और लैब टेक्नीशियन दवा बांटते हैं।
विश्वनाथगंज पीएचसी
डॉ. प्रियंका सोनकर दोपहर दो बजे घर चली गईं। स्टाफ नर्स वंदना सिंह मरीज देखती मिलीं। डॉक्टर ने मां के बीमार होने की बात कही।
पीएचसी पर डॉक्टर नहीं मिले। बगैर इलाज के घर लौटना पड़ा। -सर्वेश तिवारी, घुइसरनाथ
घुइसरनाथ पीएचसी में सवा दो बजे पहुंचा तो डॉक्टर नहीं मिले। फार्मासिस्ट अकेले बैठे थे। जांच तक का इंतजाम नहीं है।- हरिकेश यादव, देउम पुरब।
समय से पहले पीएचसी से लापता होने वाले चिकित्सक और स्वास्थ्य कर्मियों को कारण बताओ नोटिस जारी किया जाएगा। तीन दिन में स्पष्टीकरण न देने पर कार्रवाई भी होगी। -डॉ. राजेश कुमार, नोडल आरोग्य मेला।
नगरीय प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र अजीतनगर में बंद ताला। संवाद
नगरीय प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र अजीतनगर में बंद ताला। संवाद
नगरीय प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र अजीतनगर में बंद ताला। संवाद