जिले में मंगलवार देरशाम आंधी ने जबरदस्त तबाही मचाई। तेज हवा के झोंके में विशालकाय पेड़ जड़ से उखड़ गए। सैकड़ों बिजली के खंभे बीच से टूट गए। इससे करीब 275 गांवों में 24 घंटे से बिजली आपूर्ति ठप है। अंतू और संडवा चंद्रिका बिजली उपकेंद्र से जुड़े 175 गांवों में करीब 160 बिजली के खंभे टूटे हैं। साथ ही पेड़ की चपेट में आने से 15 ट्रांसफार्मर क्षतिग्रस्त हुए हैं। वहीं, लालगंज क्षेत्र के हाईटेंशन लाइन व बिजली के खंभे टूटने से 100 गांवों में मंगलवार शाम सात बजे से बिजली गुल है।
बिजली गुल होने से करीब 75 हजार ग्रामीणों को गर्मी के साथ ही पेयजल संकट का सामना करना पड़ रहा है। विभागीय अधिकारियों ने बृहस्पतिवार तक बिजली आपूर्ति बहाल होने की उम्मीद जताई है। संडवा चंद्रिका ब्लॉक के कटका मानापुर निवासी राजेश सिंह ने बताया कि आंधी से गांव में करीब 10 बिजली के पोल क्षतिग्रस्त हुए हैं। बझान निवासी राम अकबाल सिंह ने बताया कि बिजली आपूर्ति ठप होने से रात अंधेरे में गुजरी।
अठगवां मिश्रान निवासी नरेंद्र मिश्र ने बताया कि आंधी से ट्रांसफार्मर पर हरा पेड़ गिर गया। इस वजह से 24 घंटे से बिजली गुल है। तिवारीपुर निवासी संतराम मिश्र ने बताया कि बिजली आपूर्ति ठप होने से पीने के पानी की समस्या बढ़ गई है। रात में नींद भी पूरी नहीं हो सकी।