सड़क पार कर रही छात्रा को कार ने टक्कर मार दिया। हादसे में छात्रा की मौत हो गई। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। वहीं मौत की सूचना मिलने पर परिजनों में चीख पुकार मच गई।
कोतवाली देहात के ईशीपुर ढेकाही की रहने वाले जगमोहन पाल की बेटी मोनम पाल (20) सकरौली मादूपुर स्थित बद्री नारायण सिंह स्नातकोत्तर महाविद्यालय की बीए तृतीय सेमेस्टर की छात्रा थी। वह वृहस्पतिवार दोपहर करीब 12 बजे कॉलेज से बुक डिपो पर पैदल जा रही थी। लखनऊ - वाराणसी मार्ग स्थित सकरौली मादूपुर के समीप सड़क पार करते समय मोहनगंज से लालगंज की तरफ जा रही कार ने टक्कर मार दिया।
शिक्षकों के साथ स्थानीय लोगों की मदद से घायल छात्रा को एंबुलेंस से मेडिकल कॉलेज भेजा गया। यहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। सूचना मिलने पर रोते बिलखते हुए परिजन मेडिकल कॉलेज पहुंचे। प्रभारी निरीक्षक अभिषेक सिरोही ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। तहरीर मिलने पर मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।