कांग्रेस के कद्दावर नेता गुलाम नबी आजाद ने शनिवार को रानीगंज और विश्वनाथगंज विधानसभा में कांग्रेस-सपा गठबंधन के प्रत्याशियों के समर्थन में आयोजित जनसभा के दौरान केंद्र की भाजपा सरकार पर हमला बोला। कहा कि जुमला नहीं, काम बोलता है। देशवासियों को ढाई साल में भाजपा की सरकार ने केवल धोखा दिया है।
सुवंसा बाजार में सपा प्रत्याशी शिवाकांत ओझा के समर्थन में आयोजित जनसभा को संबोधित करते हुए गुलाम नबी आजाद ने कहा कि पिछले 28 साल से प्रदेश की सत्ता से कांग्रेस बाहर रही, लेकिन जो कार्य पांच साल में अखिलेश सरकार ने किया है। इतना कार्य दूसरी सरकारों ने नहीं किया। देश के प्रधानमंत्री पर हमला बोला कहा कि ढाई साल में केवल देश के लोगों को धोखा देने का काम किया है।
इस मौके पर पूर्व सांसद राजकुमारी रत्ना सिंह, श्यामकिशोर शुक्ला समेत अन्य लोग मौजूद रहे। इसके पूर्व गुलाम नबी आजाद ने विश्राथगंज विस के कांग्रेस प्रत्याशी के समर्थन में खरगीपुर की बाग में जनसभा को संबोधित करते हुए कहा कि सपा ने 20 घंटे बिजली पहुंचाई। स्वास्थ्य, सडक़, पेयजल की दिशा में सराहनीय कार्य किया। केंद्र सरकार ने मजदूरों के हाथ से काम छीन लिया। मनरेगा मजदूर आज बेकार हो गए हैं। भाजपा का एजेंडा अमीरों के हित में है।