प्रतापगढ़। यूपी बोर्ड की इंटरमीडिएट परीक्षा में बेल्हा की बेटी ने प्रदेश में छठां स्थान हासिल कर इतिहास रच दिया है। श्री चंद्रिका इंटरमीडिएट कॉलेज संडवा चंद्रिका की छात्रा गार्गी ने 474 अंक पाकर प्रदेश में छठवां स्थान और जिले की टॉपर बनने का गौरव हासिल किया है। हाईस्कूल की परीक्षा में सरस्वती विद्या मंदिर सगरासुन्दरपुर की छात्रा राधा तिवारी 553 अंक पाकर जिले में पहले स्थान पर रही है।
हाईस्कूल परीक्षा में मंडल में बीते वर्ष प्रथम स्थान पर रहने वाला बेल्हा इस वर्ष दूसरे स्थान पर आ गया है, जबकि इंटरमीडिएट में दूसरे स्थान से तीसरे पर खिसक गया है। माध्यमिक शिक्षा परिषद की हाईस्कूल की परीक्षा में इस बार 77,725 परीक्षार्थियों ने आवेदन किया था। इसमें परीक्षा में शामिल होने वालों की संख्या 67,296 थी। इनमें से 56,737 परीक्षार्थी सफल हुए हैं, जबकि 10,559 छात्र-छात्राएं फेल हुए हैं। जिले को मंडल में दूसरा और प्रदेश में 18वां स्थान मिला है। इंटरमीडिएट परीक्षा में कुल 63,619 परीक्षार्थियों ने आवेदन किया। 56,631 छात्र-छात्राएं परीक्षा में शामिल हुए। इनमें 46,646 परीक्षार्थी उत्तीर्ण रहे हैं, जबकि 9985 फेल हो गए हैं।
हाईस्कूल की परीक्षा में सरस्वती विद्या मंदिर सगरासुंदरपुर की छात्रा राधा तिवारी 553 अंक प्राप्त करके जिले की टॉपर बनी हैं। संत एंथोनी इंटर कॉलेज की विद्या उपाध्याय 549 अंक पाकर दूसरे जबकि माडर्न साइंस की संस्कृति जायसवाल, एसडीटीबीआईएमसी रेहुआ लालगंज की पूजा सिंह और आरकेएम यूएमवी सगरासुन्दरपुर के दिव्यांशु द्विवेदी 548 अंक पाकर संयुक्त रूप से तीसरे स्थान पर रहे। इंटरमीडिएट की परीक्षा में श्री चंद्रिका इंटरमीडिएट कॉलेज संडवा चंद्रिका की छात्रा गार्गी ने 474 अंक पाकर प्रदेश में छठवां और जिले में पहला स्थान हासिल किया है। इसी कॉलेज की छात्रा अपर्णा सिंह ने 469 अंक पाकर दूसरा और तुलसी इंटर कॉलेज बाबूगंज जमेठी की छात्रा अंजली यादव एवं श्री चंद्रिका इंटरमीडिएट कॉलेज संडवा चंद्रिका के छात्र आयुष विक्रम सिंह ने 467 अंक पाकर संयुक्त रुप से तीसरा स्थान पर रहे।
हाईस्कूल का रिजल्ट एक नजर में
जिले के रिजल्ट का प्रतिशत 84.31
मंडल में स्थान दूसरा
प्रदेश में स्थान 18 वां
पंजीकृत विद्यार्थी 77,725
परीक्षा में शामिल विद्यार्थी 67,296
उत्तीर्ण विद्यार्थियों की संख्या 56,737
अनुत्तीर्ण विद्यार्थियों की संख्या 10,559
अनुचित साधन से दंडित 12
इंटरमीडिएट का रिजल्ट एक नजर में
जिले के रिजल्ट का प्रतिशत 82.37
मंडल में स्थान तृतीय
प्रदेश में स्थान 41 वां
पंजीकृत विद्यार्थी 63,619
परीक्षा में शामिल विद्यार्थी 56,631
उत्तीर्ण विद्यार्थियों की संख्या 46,646
अनुत्तीर्ण विद्यार्थियों की संख्या 9985
अनुचित साधन से दंडित 22