प्रयागराज से लखनऊ जाने वाली गंगा गाेमती एक्सप्रेस का इंजन बीच रास्ते खराब हो गया । इंजन में गड़बड़ी के कारण लालगोपालगंज और भदरी रेलवे स्टेशनों के बीच ट्रेन तकरीबन एक घंटे तक खड़ी रही। लोको पायलट ने किसी तरह ट्रेन को चलाकर कुंडा हरनामगंज रेलवे स्टेशन पहुंचाया, जहां ट्रेन में दूसरा इंजन लगाकर ट्रेन लखनऊ के लिए रवाना की गई।
ठिठुरन की वजह से बीच रास्ते ट्रेन के खड़ी रहने से यात्री परेशान रहे। बुधवार की सुबह 06:53 बजे लालगोपालगंज से गंगा गोमती एक्सप्रेस ट्रेन रवाना हुई, लेकिन भदरी पहुंचने से पहले ही इंजन में खराबी आ गई। आसपास के स्टेशनों पर घटना की जानकारी दी गई।
इससे पहले कि दूसरा इंजन लगाया जाता, ट्रेन के लोको पायलट ने किसी तरह अस्थाई तौर पर खराबी दूर की और गाड़ी चला कर भदरी पहुंचाया। रास्ते में एक घंटे खड़ी रहने के कारण कुंडा स्टेशन पर ट्रेन की लेटलतीफी पौने दो घंटे हो गई। सुबह 08:41 बजे ट्रेन कुंडा हरनामगंज रेलवे स्टेशन पहुंची।
यहां पर ट्रेन में लगे दूसरे इंजन को लगाया गया। इसलिए ट्रेन यहां भी घंटों खड़ी रही। कुंडा हरनामगंज रेलवे स्टेशन से गंगा गोमती एक्सप्रेस को तीन घंटे विलंब से 09:57 बजे लखनऊ के लिए रवाना किया गया । इसके बाद यात्रियों ने राहत की सांस ली। ट्रेन पर सवार दीपक कुमार, आलोक सिन्हा, लवकुश यादव, रीता मौर्य ने बताया कि रास्ते में ट्रेन का इंजन फेल होने से लगभग तीन घंटे तक लोग परेशान रहे।।