ट्रक चालकों से लूट करने वाला अंतरजनपदीय गिरोह पुलिस के हत्थे चढ़ गया। पुलिस ने घेराबंदी करके गिरोह के पांच सदस्यों को धर दबोचा। जबकि सरगना समेत तीन बदमाश मौके से भाग निकले। पकड़े गए बदमाशों से पुलिस ने लूटी गईं दो बाइकें, रुपये व असलहा समेत अन्य सामान बरामद किया है। फरार बदमाशों की तलाश पुलिस ने शुरू कर दी है।
एसपी अपराध आलोक सिंह ने बताया कि गिरोह की धरपकड़ के लिए रानीगंज पुलिस व स्वॉट टीम मंगलवार की रात कछरा पुल के करीब गश्त पर थी। इसी दौरान टिकैता गांव के पुल के पास पहर पटरी के किनारे बदमाशों की मौजूदगी की सूचना मि मिली। इस पर टीम ने घेराबंदी करके सलमान पुत्र नियाजुद्दीन निवासी गुलरा मेहदौरी रानीगंज, सल्लर उर्फ शाहरुख पुत्र पप्पू उर्फ मासूम निवासी सुलतानपुर तिलगुड़िया शिवाला रानीगंज, रिंकू उर्फ झिनकू पुत्र रफीक मिर्जापुर चौहारी हुसैनपुर रानीगंज, गुफरान पुत्र अब्दुल वकील निवासी कसेरुआ रानीगंज, बबलू सरोज पुत्र राजबली सरोज निवासी बिधुरा थाना थरवई प्रयागराज को मौके से धर दबोचा।
जबकि सरगना नीरज सिंह पुत्र रामसिंह निवासी भावलपुर मानधाता, फुल्लर सरोज पुत्र लालजी सरोज निवासी धरहरा फूलपुर प्रयागराज और अतीक पुत्र जमालुद्दीन निवासी कुसफरा मानधाता भाग निकले। पकड़े बदमाशों ने बताया कि गिरोह कार व बाइक से लूट की घटनाओं को अंजाम देता था। उनके निशाने पर दक्षिण भारत के ट्रक रहते हैं।
चालकों को असलहे के बल पर धमकाकर भाड़े के लिए मिले एडवांस व मोबाइल लूट लेते थे। उन्होंने जौनपुर-रायबरेली राजमार्ग, लखनऊ -प्रयागराज राजमार्ग, कोखराज, हंडिया, कौशांबी, सुलतानपुर और जौनपुर रूट पर कई वारदातों को अंजाम दिया है। उन्होंने बताया कि दूसरे प्रदेशों के चालकों से लूट में वे बिना पुलिस को सूचना दिए ही चले जाते थे। इसलिए कई वारदातों की भनक तक पुलिस को नहीं लगती थी।
इसके अलावा मानधाता के बेलखरी में 7 नवंबर को टाइनी शाखा संचालक अवनीश पांडेय से 30 हजार रुपये लूटे। रानीगंज के कुंती देवी महाविद्यालय के आगे बरहदा के पास उमाशंकर से रुपये व मोबाइल लूटे थे। मोबाइल बदमाश रिंकू उर्फ झिंकू के पास से बरामद हुआ। 5 नवंबर को टिकैता नहर पटरी जौनपुर के रहने वाले घरभरन पटेल से एक हजार रुपये व मोबाइल लूटा था।
4 नवंबर को प्रयागराज के थरवई मलाका भैंसाही हाइवे पर बाइक लूटी थी। जो रिंकू उर्फ झिंकू के घर से बरामद हुई। दूसरे बदमाश गुफरान के घर से लूट की दूूसरी बाइक मिली। सीओ क्राइम ने बताया कि पकड़े गए लुटेरों के पास से लूट के साढ़े सात हजार रुपये, पांच तमंचा, नौ मोबाइल, दो लूट की बाइक और दो घटनाओं में प्रयुक्त दो बाइक बरामद हुई हैं।
रानीगंज पुलिस व क्राइम ब्रांच द्वारा धरे गये लुटेरों से बरामद असलाह व सामान।- फोटो : PRATAPGARH