जिला मजिस्ट्रेट शिव सहाय अवस्थी के आदेश पर सदर तहसील प्रशासन ने शुक्रवार को अंतू के ककरहा स्थित शातिर गैंगलीडर मस्सन की सवा करोड़ की संपत्ति कुर्क करने की कार्रवाई की। पुलिस फोर्स के साथ पहुंचे राजस्व टीम को देख ग्रामीणों में खलबली मची रही।
नायब तहसीलदार दिनेशचंद तिवारी शुक्रवार को पुलिस फोर्स के साथ ककरहा गांव पहुंचे। कादीपुर, आममऊ, जैतीपुर कठार, बेल्हाघाट की करीब सवा करोड़ की संपत्ति कुर्क करने की कार्रवाई की। पुलिस के अनुसार गैंगलीडर मस्सन साल 2007 से आपराधिक क्रियाकलापों में लिप्त है। अवैध स्रोतों से उसने सदर तहसील क्षेत्र के अलग-अलग स्थानों में अपनी माता के नाम से संपत्ति अर्जित की है।
आरोपी के खिलाफ पुलिस ने उत्तर प्रदेश गिरोहबंद और समाज विरोध क्रियाकलाप के तहत कार्रवाई की थी। उसके खिलाफ विभिन्न धाराओं में कुल 12 प्राथमिकी दर्ज है। कार्रवाई के दौरान नगर कोतवाली, अंतू और देहात कोतवाली की पुलिस फोर्स तैनात रही। नायब तहसीलदार दिनेशचंद तिवारी ने बताया कि कुर्की की कार्रवाई की जा चुकी है। तामीला रिपोर्ट एक सप्ताह के अंदर कोर्ट के अंदर प्रस्तुत किया जाएगा।