फेसबुक पर फर्जी अकाउंट बनाकर चार पहिया वाहन के नाम पर ठगी करने वाले गिरोह के खिलाफ साइबर पुलिस ने कार्रवाई की है। गिरोह के सरगना को पुलिस ने साउथ वेस्ट दिल्ली से गिरफ्तार किया है। गिरोह के खिलाफ अब तक पांच शिकायतें प्राप्त हो चुकी हैं।
साइबर थाने में 20 सितंबर को वादी ने धोखाधड़ी का मुकदमा दर्ज कराया था। वादी का आरोप है कि 16 अगस्त 2024 को फेसबुक आईडी से बोलेरो वाहन खरीद की बात हुई थी। जालसाजों ने वाहन के अभिलेख को व्हाट्सएप पर भेज दिया। एनओसी और अन्य खर्चे के लिए 1.40 लाख की मांग की गई।
वादी ने 99,807 रुपये फोन पे के माध्यम से खाते में भेज दिया। इसके बाद 40 हजार रुपये खाते में भेजा गया। शातिरों ने अलग-अलग मोबाइल नंबरों से फोन कर भ्रमित करना शुरू कर दिया। कुछ दिन मोबाइल भी शातिरों ने बंद कर लिया। शिकायत के बाद पुलिस ने मंगलवार को गिरोह के सरगना उड़ीसा के इंद्रापट्टा जनपद के पट्टामुंडाई निवासी प्रशांत कुमार महाराणा को साउथ वेस्ट दिल्ली से गिरफ्तार किया।
निरीक्षक राजेंद्र प्रसाद यादव ने हमराहियों के साथ गिरफ्तारी की। पुलिस की पूछताछ में आरोपी प्रशांत कुमार महाराणा ने बताया कि उनका गिरोह फेसबुक पर फर्जी अकाउंट बनाकर चार पहिया वाहनों को सस्ते दामों पर बेचने का कार्य करता था।
देशभर में कई लोगों से वाहन के नाम पर साइबर ठगी कर चुके हैं। आरोपी के पास से बरामद मोबाइल की व्हाट्सएप चैटिंग और फेसबुक प्रोफाइल की पुलिस ने गहनता से जांच करने के बाद प्रशांत कुमार महाराणा को दोषी पाया।