बभनपुर में दो युवकों की मौत से पसरा मातम
नगर पंचायत के बभनपुर मोहल्ले के रहने वाले दो युवकों की हादसे में मौत की खबर के बाद मातम पसरा रहा। बुधवार को पोस्टमार्टम के बाद शव घर पहुंचते ही कोहराम मच गया। पुलिस को दूसरे दिन भी घटना की तहरीर नहीं दी गई। मानिकपुर थाना क्षेत्र के बभनपुर निवासी 22 वर्षीय शिवम सोनकर मंगलवार को अपने 25 वर्षीय दोस्त रामकरन सोनकर के साथ अपनी नानी के अंतिम संस्कार में शामिल होने कौशांबी के कसेरिया गांव गया था। अंतिम संस्कार के बाद दोनों बाइक से घर लौट रहे थे। साढ़े नौ बजे के करीब मऊदारा गांव के करीब ट्रैक्टर की टक्कर से दोनों की मौत हो गई थी।
बुधवार को पोस्टमार्टम के बाद शव घर पहुंचते ही कोहराम मच गया। मृतक शिवम तीन भाइयों और एक बहन में सबसे छोटा था। पिता नन्हे सोनकर सब्जी बेचकर परिवार का गुजर बसर करते हैं। वहीं, शिवम फल का कारोबार करता था। मृतक रामकरन भी फल के कारोबार से जुड़ा था। तीन भाइयों में वह मझला था और परिवार की भरण पोषण की जिम्मेदारी उसके कंधे पर थी। उसके पिता लंबे समय से बीमार चल रहे हैं। सीओ अमरनाथ गुप्ता ने बताया कि अभी तहरीर नहीं मिली है। ट्रैक्टर को कब्जे में ले लिया गया है। तहरीर मिलते ही विधिक कार्रवाई की जाएगी।