कोतवाली इलाके के करेला बाजार स्थित अयोध्या ज्वेलर्स को धोखा देकर जेवरात उड़ाने के मामले में कोतवाली पुलिस ने दुकानदार की तहरीर पर चोरी तथा धोखाधड़ी की रिपोर्ट दर्ज की है। 28 जून की शाम तकरीबन साढ़े पांच बजे दुकान पर ग्राहक बनकर एक महिला व पुरुष, बच्चे के साथ पहुंचे और दुकानदार को सोने के झुमके सहित कुछ और जेवरात दिखाने के लिए कहा।
सोने के जेवरात देखने के दौरान टप्पेबाजों ने मौका पाकर तीन ग्राम का एक झुमका व 8 ग्राम का झाला पार कर दिया और वहां से निकल गए। जेवरात चोरी की घटना सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई। दुकानदार राम कुमार सोनी की तहरीर पर पुलिस ने अज्ञात दंपत्ति के विरुद्ध चोरी एवं धोखाधड़ी की रिपोर्ट दर्ज की है। दुकानदार द्वारा दिए गए सीसीटीवी फुटेज में दिख रहे आरोपी युवक की तलाश पुलिस कर रही है।
...........
अध्यक्ष व अधिशासी अधिकारी के बीच बढ़ी तकरार
ढकवा। आसपुर देवसरा थाना क्षेत्र के नगर पंचायत ढकवा में नवनिर्वाचित नगर पंचायत अध्यक्ष व अधिशासी अधिकारी में तनातनी हो गई है। नगर पंचायत अध्यक्ष ने अधिशासी अधिकारी के खिलाफ तमाम तरह के आरोप लगाते हुए शिकायत मुख्यमंत्री सहित अन्य अधिकारियों से करते हुए जानमाल की सुरक्षा की गुहार लगाई है।
नगर पंचायत ढकवा के अध्यक्ष अशोक त्यागी ने भेजे शिकायती पत्र में आरोप लगाया है कि ईओ अतुल सिंह उनके साथ अभद्र व्यवहार करते हैं। गाली देते हुए उन्हें बुला लिया और अपमानित भी किया। साथ ही कंप्यूटर ऑपरेटर व अन्य कर्मचारियों पर भी तमाम तरह के आरोप लगाए।
अध्यक्ष का आरोप है कि उन्होंने जबरिया फर्जी बिल वाउचर पर हस्ताक्षर कराने का दबाव बनाया। मना करने पर वह आक्रामक हो गए। उन्होंने जान माल की सुरक्षा की गुहार लगाई है। अधिशासी अधिकारी अतुल सिंह ने कहा, बीते दस दिनों से अध्यक्ष से उनकी मुलाकात ही नहीं हुई है। भला कोई कैसे जबरिया हस्ताक्षर करा सकता है। लगाए गए आरोप निराधार है। संवाद
........