पलभर में मातम में बदली खुशियां, लीलापुर के हदिराही की घटना
संवाद न्यूज एजेंसी
सगरा सुंदरपुर। पुत्र के बरही पर आयोजित कार्यक्रम में साउंड सिस्टम चलाने के लिए बिजली का तार जोड़ते समय पिता करंट की चपेट में आ गया। परिजन उसे ट्रामा सेंटर ले गए, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। इससे परिवार की खुशियां मातम में बदल गईं।
लीलापुर थाना क्षेत्र के हदिराही सुख्खा का पुरवा निवासी जवाहर लाल वर्मा को ग्यारह दिन पहले पुत्ररत्न की प्राप्ति हुई थी। शुक्रवार को उसके जन्मोत्सव को लेकर बरही का आयोजन किया गया था। रिश्तेदारों से जुटने से घर में चहल-पहल थी। इस बीच जवाहर साउंड सिस्टम चलाने के लिए बिजली का तार जोड़ने लगा। तभी वह करंट की चपेट में आकर बुरी तरह झुलस गया। परिजन आनन-फानन में उसे लेकर लालगंज ट्रामा सेंटर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। इससे परिजनों व रिश्तेदारों में कोहराम मच गया। पलभर में जन्मोत्सव की खुशियां मातम में बदल गईं। पत्नी व छह साल की बेटी आयशा का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। शव का गांव में ही अंतिम संस्कार कर दिया गया।