पीड़ितों की शिकायतों को गुणवत्ता के साथ निस्तारित न करना महेशगंज थानाध्यक्ष, निरीक्षक, दरोगा व एक मुख्य आरक्षी को भारी पड़ गया है। लापरवाही सामने आने पर पुलिस अधीक्षक ने सभी को लाइन हाजिर कर दिया है।
पुलिस अधीक्षक सतपाल अंतिल ने सभी थानाध्यक्षों को जनसुनवाई के साथ ही आईजीआरएस( इंटीग्रेटेड ग्रीवेंसेस रिडर्सल सिस्टम) से संबंधित शिकायतों का हर पहलू पर जांच कर रिपोर्ट देने का निर्देश दिया है। इसके साथ ही थानेदारों से फरियादियों की शिकायतों को तत्काल निस्तारित करने को कहा है। शिकायतों के गुणवत्तापूर्ण निस्तारण न होने पर एसपी ने महेशगंज एसओ प्रमोद सिंह, कुंडा कोतवाली के निरीक्षक श्याम प्रकाश पांडेय कुंडा में तैनात दरोगा विनय सिंह व संग्रामगढ़ थाने के मुख्य आरक्षी सुदामा प्रसाद को लाइन हाजिर कर दिया है। पुलिस अधीक्षक ने बताया कि शिकायतों का निस्तारण करने पर जांच करने वाले पुलिसकर्मी को हर पहलू देखकर रिपोर्ट देनी होगी। अन्यथा बीट सिपाही से लेकर थानेदार जिम्मेदार होंगे।