सुशासन दिवस के रूप में मनाया पूर्व प्रधानमंत्री का जन्मदिन
नगर पंचायत कोहड़ौर में ली गई स्वच्छता की शपथ
मकूनपुर। शनिवार को नगर पंचायत कोहड़ौर में भारत रत्न पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी के जन्मदिन को सुशासन दिवस के रूप में मनाया गया। इस अवसर पर पूर्व प्रधानमंत्री के चित्र पर माल्यार्पण कर कर्मचारियों ने स्वच्छता की शपथ ली। अन्य लोगों को भी इस अभियान से जोड़कर देश को स्वच्छ बनाने में मदद करने का निर्णय लिया गया। इस अवसर पर मनोज कुमार गौड़, रेणुका श्रीवास्तव, आकाश पाठक, भुनेश्वर प्रसाद श्रीवास्तव आदि उपस्थित रहे।
इसी तरह गड़वारा के पूरे भगवानदास गांव में धूमधाम से पूर्व पीएम की जयंती मनाई गई। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि भाजपा नेता दिनेश गुप्ता ने कहा कि पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी न केवल एक अच्छे कवि थे, बल्कि वह एक अच्छे प्रधानमंत्री भी थे। विशिष्ट अतिथि किसान प्रकोष्ठ के राष्ट्रीय प्रवक्ता राकेश सिंह ने कहा कि वह युवा नेताओं के लिए प्रेरणास्रोत हैं। पूर्व जिला अध्यक्ष ओमप्रकाश त्रिपाठी ने कहा कि आज पूरा देश पूर्व प्रधानमंत्री का जन्म दिवस समारोह मना रहा है। कार्यक्रम का आयोजन धीरेंद्र कुमार सिंह और विजय कुमार सोलंकी द्वारा किया गया था।