गजब: दो वोट पाने वाला मंडल अध्यक्ष, 24 वोट पाने पर भी सूची से बाहर
भाजपा मंडल अध्यक्ष के चुनाव में कार्यकर्ताओं ने लगाया धांधली व पक्षपात का आरोप
संवाद न्यूज एजेंसी
प्रतापगढ़। भाजपा मंडल अध्यक्ष के चुनाव में जमकर मनमानी की गई। पदाधिकारियों ने चहेतोें को मंडल अध्यक्ष बनाने के लिए चुनाव की शुचिता की जमकर धज्जियां उड़ार्इं। नवनिर्वाचित मंडल अध्यक्षों की सूची जारी होने के बाद अब कार्यकर्ताओं ने विरोध शुरू दिया है। आरोप है कि सदर मंडल में सबसे ज्यादा 24 वोट पाने के बाद भी सूची से बाहर कर दिया गया जबकि 2 वोट पाने वाले को मंडल अध्यक्ष बना दिया गया। इसे लेकर भाजपा कार्यकर्ताओें ने जिला चुनाव अधिकारी भाजयुमो प्रदेश अध्यक्ष सुभाष यदुवंशी पर मनमानी व पक्षपात करने का आरोप लगाते हुए भाजपा प्रदेश अध्यक्ष से शिकायत की है। पुन: चुनाव कराने की मांग की है।
जिले में भाजपा के 31 मंडल हैं। मंडल अध्यक्षों का चुनाव संपन्न कराने के लिए भाजयुमो प्रदेश अध्यक्ष सुभाष यदुवंशी को चुनाव अधिकारी बनाया गया था। शुरू से ही पदाधिकारी अपने चहेतों को मंडल अध्यक्ष बनाने की जोरआजमाइश में जुटे थे। यही वजह थी कि चुनाव के दौरान गौरा, अंतू, कोहड़ौर सहित कई मंडलों में पक्षपात व धांधली को लेकर हंगामे की बात भी सामने आई। विरोध व हंगामे के बीच किसी तरह मंडल अध्यक्ष चुनाव संपन्न हुआ। कार्यकर्ताओं एवं दावेदारों को नवनिर्वाचित मंडल अध्यक्षों की सूची का इंतजार था। शुक्रवार को मंडल अध्यक्ष की नवनिर्वाचित सूची जारी की गई, जिसे देखने के बाद दावेदारों व उनके समर्थकों के होश उड़ गए। चुनाव के बाद भी 31 मंडल अध्यक्षों में 12 मंडल अध्यक्ष के नाम गायब हैं। इसके अलावा जिन 19 मंडल अध्यक्षों की सूची जारी की गई है, उसमें भी कई जगह धांधली व मनमानी उजागर हुई है। सदर मंडल में विकास सिंह ने मंडल अध्यक्ष चुनाव के लिए दावेदारी की थी। चुनाव मैदान में महावीर, गजराज सिंह भी थे। चुनाव अधिकारी सुभाष यदुवंशी द्वारा चुनाव संपन्न कराया गया था। सदर मंडल अध्यक्ष पद के दावेदार विकास सिंह का आरोप है कि मतगणना में उन्हें 24 वोट मिले थे, जबकि गजराज सिंह को 23 व महावीर को 2 वोट मिले थे। सबसे ज्यादा 24 वोट पाने के बाद उन्हें सूची से बाहर कर दिया गया जबकि 2 वोट पाने वालेे महावीर को मंडल अध्यक्ष बनाया गया है। विकास सिंह ने चुनाव में धांधली व पक्षपात करने का आरोप लगाते हुए इसकी शिकायत भाजपा प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्रदेव सिंह से की है। भाजपा कार्यकर्ता अजय मिश्रा, अशोक, सौरभ, पंकज सिंह ने भी चुनाव में धांधली का आरोप लगाते हुए प्रदेश अध्यक्ष से शिकायत की है। सभी ने पुन: मंडल अध्यक्ष चुनाव कराने की मांग की है।
फोटो-
ई लर्निंग की सुविधा उपलब्ध करा रहा इग्नू
प्रतापगढ़। एमडीपीजी कालेज में संचालित इग्नू अध्ययन केंद्र में छात्र-छात्राओं का उत्प्रेरक समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता प्राचार्य डॉ. अरुण श्रीवास्तव ने की। मुख्य अतिथि इग्नू वाराणसी के सहायक क्षेत्रीय निदेशक डॉ. संजय कुमार ने कहा कि गुणवत्ता शिक्षा ही इग्नू की पहचान है। इग्नू के प्लेसमेंट सर्विस लिंक पर छात्र-छात्राएं अपना बायोडाटा भेजकर रोजगार प्राप्त कर रहे हैं। ई लर्निंग, ई पाठ्यक्रम की सुविधा इग्नू ने उपलब्ध कराया है। इस मौके पर अध्ययन केंद्र समन्वयक डॉ. मनोज मिश्र, डॉ. अरविंद मिश्र, डॉ. शैलेंद्र कुमार मिश्र, डॉ. डीके पांडेय, डॉ. रंजन मिश्र, विजय कुमार पांडेय, रोहन सिंह मौजूद रहे।