कुंडा के बेंती राजभवन स्थित परेड ग्राउंड में मंगलवार दोपहर दो बजे से शुरू होने वाली रामकथा से पहले सोमवार को कलश यात्रा निकाली गई। रास्ते में कई जगहों पर जेसीबी से कलश यात्रा पर पुष्पवर्षा की गई। वहीं, रामकथा की तैयारियां भी पूरी कर ली गई हैं।
जनसत्ता दल लोकतांत्रिक पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष व कुंडा विधायक रघुराज प्रताप सिंह उर्फ राजा भैया की ओर से रामकथा का आयोजन किया जा रहा है। कथा 20 नवंबर तक चलेगी। सोमवार को कलश यात्रा कुंडा तहसील क्षेत्र में निकाली गई। राजा भैया के छोटे बेटे बृजराज प्रताप सिंह और एमएलसी अक्षय प्रताप सिंह ने अगुवाई की।
कुंडा, बिहार, कालाकांकर और बाबागंज ब्लॉक सहित नगर पंचायत कुंडा, डेरवा, हीरागंज और मानिकपुर में कलश यात्राएं निकाली गईं। बाबागंज ब्लॉक की कलश यात्रा कनावां से निकाली गई। इसकी अगुवाई बृजराज प्रताप सिंह ने की। उनके साथ जिला पंचायत अध्यक्ष प्रतिनिधि कुलदीप पटेल और पूर्व प्रमुख हितेश प्रताप सिंह भी मौजूद रहे।
यात्रा में जिला पंचायत सदस्य दिलीप पांडेय, कोटेदार संघ अध्यक्ष रमाशंकर तिवारी, सोनू सिंह, प्रेमशंकर यादव, राजू, मनोज सिंह, साहब सिंह, आलोक सिंह, पंकज यादव शामिल हुए।
वहीं, हीरागंज में मां नायर देवी मंदिर से व्यापार मंडल अध्यक्ष विनोद यादव और विकास सिंह पप्पन की अगुवाई में कलश यात्रा निकाली गई। हीरागंज चौराहे पर बुलडोजर से पुष्पवर्षा कर यात्रा का स्वागत किया गया।
इसके बाद टिकरिया मोड़, अंजनी बाजार, महेशगंज, औसनगंज और मनगढ़ सहित विभिन्न स्थानों पर श्रद्धालुओं ने पुष्पवर्षा की। बिहार ब्लॉक से एमएलसी अक्षय प्रताप सिंह की अगुवाई में कलश यात्रा निकाली गई। जो बेंती राजभवन स्थित परेड ग्राउंड पहुंचकर समाप्त हुई।
धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री के स्वागत में प्रयागराज एयरपोर्ट पहुंचे राजा भैया
रामकथा से पहले सोमवार को बागेश्वर धाम पीठाधीश्वर धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री का दुबई से सीधे प्रयागराज स्थित बमरौली एयरपोर्ट पर आगमन हुआ। कुंडा विधायक ने उनका स्वागत करने एयरपोर्ट पहुंचे।
कौशाम्बी के कोखराज से होते हुए उनका काफिला रात करीब आठ बेंती पहुंचा। मंगलवार से बेंती स्थित योगीराज बाबा देवरहवा कथा मंडपम में रामकथा का शुभारंभ होगा।
डीएम और एसपी ने किया निरीक्षण
डीएम अभिषेक पांडेय और एसपी दीपक भूकर ने सोमवार को रामकथा स्थल का निरीक्षण किया। सुरक्षा व्यवस्था, श्रद्धालुओं के आवागमन, पार्किंग, यातायात प्रबंधन एवं कानून-व्यवस्था से संबंधित व्यवस्थाओं का जायजा लिया। डीएम ने कहा कि कथास्थल आने वाले श्रद्धालुओं की सुविधा व सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाए। ड्यूटी में तैनात पुलिस बल एवं संबंधित विभागों के अधिकारी आपसी समन्वय के साथ पूरी सतर्कता एवं मुस्तैदी से कार्य करें।
200 बीघे में होगा आयोजन
बेंती के करीब 200 बीघे में फैले आयोजन स्थल पर तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। एक समय में करीब एक लाख श्रद्धालु पंडाल में बैठकर कथा सुन सकेंगे।
तैयारियों पर एक नजर
0 कथा में आने वाले श्रद्धालुओं के लिए 12 जगहों पर पार्किंग स्थल बनाए गए हैं। आयोजन की जिम्मेदारी स्वयंसेवकों की तीन टीमों को दी गई है। श्रद्धालुओं के बैठने, भोजन, सुरक्षा और यातायात के इंतजाम किए हैं। रूट डायवर्जन भी किया गया है।
0 हर दिन करीब एक लाख श्रद्धालुओं के भोजन और प्रसाद की व्यवस्था कथा स्थल पर की गई है। प्रतिदिन पूड़ी-सब्जी का प्रसाद वितरित किया जाएगा। 100 हलवाई और 500 कारीगर भोजन प्रसाद तैयार करेंगे।