मां बेल्हादेवी धाम जंक्शन और कुंडा के हरनामगंज स्टेशन होकर गुजरने वाली 17 ट्रेनें सोमवार को घंटों देरी से पहुंचीं। वहीं अप-डाउन जनता एक्सप्रेस समेत पांच ट्रेनें निरस्त रहीं। कई ट्रेनों की लेटलतीफी और ट्रेनें के निरस्त होने से यात्रियों को परेशान होना पड़ा। प्लेटफाॅर्म पर ठंड से कांपते हुए यात्रियों ने ट्रेन की प्रतीक्षा की।
देहरादून-वाराणसी के बीच संचालित अप-डाउन जनता एक्सप्रेस, अयोध्या-प्रयागराज मेमू पैसेंजर, एकात्मा एक्सप्रेस, मालदा टाउन एक्सप्रेस, कुंडा हरनामगंज स्टेशन से होकर गुजरने वाली टनकपुर त्रिवेणी एक्सप्रेस सोमवार को निरस्त रही।
वहीं, लखनऊ से प्रयागराज जाने वाली नौचंदी एक्सप्रेस ढाई घंटे, प्रयागराज संगम एक घंटे तो प्रयागराज- लखनऊ बरेली एक्सप्रेस 45 मिनट, गंगा गोमती एक्सप्रेस एक घंटे, प्रयागराज संगम 45 मिनट की देरी से स्टेशन पर पहुंची।
मां बेल्हादेवी जंक्शन के स्टेशन मास्टर शमीम अहमद ने बताया कि वाराणसी- लखनऊ इंटरसिटी 45 मिनट, नीलांचल एक्सप्रेस चार घंटे 28 मिनट, अमृतसर हावड़ा पंजाब मेल चार घंटे 25 मिनट और लखनऊ से वाराणसी को जाने वाली पद्मावत एक्सप्रेस ढाई घंटे की देरी से जंक्शन पर पहुंची।
मां बेल्हादेवी सुपरफास्ट दो घंटे, पीआरएल पैसेंजर सात तो अर्चना एक्सप्रेस ढाई घंटे, हावड़ा-अमृतसर पंजाब मेल दो घंटे विलंब से आईं।
उद्योग नगरी डेढ़ घंटे, काशी विश्वनाथ एक्सप्रेस आठ घंटे लेट रहीं। अयोध्या से प्रयागराज जाने वाली सरयू एक्सप्रेस चार घंटे, मनवर संगम 24 घंटे और मुंबई से अयोध्या जाने वाली तुलसी एक्सप्रेस ढाई घंटे की देरी से जंक्शन पर पहुंची। कोहरे के कारण ट्रेनों की लेटलतीफी बढ़ गई है।
श्रीराम तिराहा निवासी पिंटू ने बताया कि वह दवा विक्रेता हैं। देहरादून से दवा की खरीद करते हैं। जनता एक्सप्रेस के लगातार निरस्त होने के कारण दवा लेने नहीं जा पा रहे हैं। धारूपुर निवासी राजकुमार ने बताया कि उन्हें लखनऊ जाना है। जनता, एकात्मा एक्सप्रेस निरस्त रहने के कारण बस से सफर करना पड़ रहा है।